Narendra Modi का राजस्थान-गुजरात दौरा, करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार यानी आज को राजस्थान और गुजरात के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे देश की महिलाओं के स्वास्थ्य, युवाओं के रोजगार और भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।
राजस्थान में 16,680 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे राजस्थान के अजमेर पहुंचेंगे। यहां वे 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। ये प्रोजेक्ट्स मुख्य रूप से शहरी विकास, स्वच्छ पेयजल, सड़क नेटवर्क, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे से संबंधित हैं। इस अवसर पर वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम
महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में प्रधानमंत्री अजमेर से एक ऐतिहासिक कदम उठाएंगे। वे 14 साल की लड़कियों के लिए 'ह्यूमन पेपिलोमावायरस' (एचपीवी) वैक्सीनेशन का राष्ट्रव्यापी अभियान लॉन्च करेंगे। इस पहल का मकसद सर्वाइकल कैंसर को रोकना है, जो महिलाओं में कैंसर से जुड़ी बीमारियों के मुख्य कारणों में से एक है और यह देश भर में लड़कियों और महिलाओं की लंबे समय तक सेहत की सुरक्षा में एक अहम मील का पत्थर है।
सड़क और बुनियादी ढांचे का विस्तार
कनेक्टिविटी को रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री कई नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। इनमें जयपुर से बांदीकुई के बीच 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर का एक हिस्सा और दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे का 8-लेन सेक्शन शामिल है। इसके अलावा जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में नए स्टेट हाईवे का शिलान्यास भी होगा।
पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र में सुधार
हर घर तक साफ पानी पहुंचाने के संकल्प के तहत प्रधानमंत्री नोनेरा और परवन अकवाड़ पेयजल परियोजनाओं के कई पैकेजों की नींव रखेंगे। साथ ही, राजस्थान को रिन्यूएबल एनर्जी का हब बनाने के लिए वे नए ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन करेंगे। वे पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन का शिलान्यास भी करेंगे ताकि बिजली की सप्लाई बिना रुकावट हो सके।
पीएम युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
रोजगार के मोर्चे पर प्रधानमंत्री राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 21,800 से अधिक नए युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटेंगे। यह कदम युवाओं को सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गुजरात में सेमीकंडक्टर क्रांति का आगाज
इसके बाद दोपहर करीब 3:45 बजे प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद पहुंचेंगे। यहां वे माइक्रोन कंपनी की सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग (एटीएमपी) फैसिलिटी का उद्घाटन करेंगे। यह भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूर पहला प्रोजेक्ट है, जिसकी लागत 22,500 करोड़ रुपये से अधिक है। वह इस मौके पर मौजूद लोगों को भी संबोधित करेंगे। यह प्लांट भारत को ग्लोबल सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन की स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यहां 'मेड-इन-इंडिया' मेमोरी मॉड्यूल का उत्पादन होगा, जो दुनिया भर के बाजारों में भेजे जाएंगे। यह फैसिलिटी पांच लाख स्क्वायर फीट में फैली है और दुनिया के सबसे बड़े क्लीनरूम स्पेस में से एक है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की बढ़ती वैश्विक मांग को पूरा करने में मदद करेगी।
तमिलनाडु और पुडुचेरी दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 मार्च 2026 को तमिलनाडु और पुडुचेरी के दौरे पर जाएंगे। राजस्थान और गुजरात की यात्रा पूरी करने के बाद वह 28 फरवरी की रात करीब 9 बजे चेन्नई पहुंचेंगे।

Betul BJP Core Committee: जिला भाजपा की नई 13 सदस्यीय कोर कमेटी तय, अलकेश आर्य की वापसी
Betul Literacy Mission Hoarding Mistakes: कलेक्ट्रेट में साक्षरता मिशन के होर्डिंग्स में थोकबंद गलतियां, भाषा ज्ञान पर उठे सवाल
Betul Municipal Tax Collection Impact: जनगणना के मकान सूचीकरण से नपा वसूली पर असर, टैक्स जमा करने आएंगे लोग तो लौटेंगे बैरंग
राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (01 मार्च 2026)
ईरान पर हमलों के बाद भारत की अपील — सभी पक्ष बरतें संयम