‘अलविदा माय लव’ लिखकर जनाई भोसले का भावुक पोस्ट
आशा भोसले का जाना संगीत जगत में एक दौर का अंत है। 12 अप्रैल को उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वे 92 वर्ष की थीं। दिग्गज गायिका को बीते दिन राजकीय सम्मान के साथ आखिरी विदा दी गई। अंतिम यात्रा में आए उनके चाहने वालों और शुभचिंतकों की आंखें नम थीं। परिवार गमगीन है। आशा भोसले की पोती जनाई भोसले दादी के निधन के बाद टूट गई हैं। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे समय उनके आंसू नहीं थमे। मिलने आने वाले लोग उन्हें सांत्वना दे रहे थे। दादी के आखिरी सफर पर जाने के बाद जनाई ने देर रात सोशल मीडिया पर अपने दिल की बातें लिखी है।
जनाई ने किया लोगों का शुक्रिया अदा
जनाई भोसले का अपनी दादी आशा भोसले के साथ बहुत गहरा जुड़ाव था। दोनों को अक्सर इवेंट और फंक्शन में साथ स्पॉट किया जाता था। आशा भोसले के निधन के बाद जनाई के जीवन में एक खालीपन आया है। जनाई ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दादी के अंतिम संस्कार की एक तस्वीर साझा कर दिल के भाव लिखने की कोशिश की है। मगर, फिलहाल वे इतनी भावुक हैं कि कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं हैं। सिर्फ लोगों का शुक्रिया अदा किया है।
बोलीं- 'जब मौका मिलेगा जरूर लिखूंगी'
जनाई भोसले ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा है, 'भावनाओं का इतना सैलाब है। मुझे जब भी मौका मिलेगा तो मैं कुछ लिखूंगी, लेकिन फिलहाल मुझे यह जरूर कहना होगा कि आज और उसके बाद भी, ऐसे बहुत से लोग थे, जिन्होंने उनका सम्मान किया। उन्हें आदर दिया और सबसे बढ़कर, उन पर अपना ढेर सारा प्यार बरसाया। मैं दिल की गहराइयों से आप सभी का शुक्रिया अदा करती हूं। वह इस सम्मान की हर तरह से हकदार थीं। मुझे इस बात का एहसास है कि वह हम सभी के दिलों में हमेशा के लिए जिंदा रहेंगी। मुझे यकीन है खुद पर बरसता प्यार और यह आदर यकीनन उन्होंने भी यह सब ऊपर से देखा है'।
जनाई ने लिखा- 'अलविदा माय लव'
जनाई ने दादी आशा भोसले के साथ अपनी एक तस्वीर साझा कर लिखा है, 'अलविदा माय लव। मेरी जिंदगी का प्यार'। बता दें कि जनाई ने भी दादी के नक्शे कदम पर चलते हुए संगीत की दुनिया में आगे बढ़ने का फैसला लिया है। बीते साल उनका गाना 'केहंदी है' काफी हिट रहा था। खुद दादी आशा भोसले ने पोती की तारीफ कर हौसला बढ़ाया था। जनाई ने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत तो कर ही दी है। अब वे एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखने वाली हैं। वे 'द प्राइड ऑफ भारत- छत्रपति शिवाजी महाराज' से फिल्म डेब्यू करेंगी।
जनाई ने कहा था- 'दादी आप हमेशा मेरे साथ रहना'
बता दें कि जनाई भोसले ने एक बातचीत में कहा था, 'मुझे अपनी दादी से बहुत प्यार है। उनके साथ मेरा बहुत ही डीप कनेक्शन है। मैं बस उन्हें देखती रहती हूं और कभी-कभी रो लेती हूं'। उन्होंने बताया था कि दादी से कहती हैं, 'आप कभी मत जाना। हमेशा मेरे साथ रहना। मैं उन्हें किसी के साथ शेयर भी नहीं कर सकती। वो सिर्फ मेरी हैं'। यह बात कहते हुए जनाई भावुक हो गई थीं। जनाई को जिस बात का डर था, दादी को खोने का, वक्त ने उसी से सामना कराया है। आशा भोसले की पोती के लिए यकीनन यह बेहद मुश्किल वक्त है।

Betul Fake Number Plate Challan: भोपाल में खड़ी बाइक, बैतूल में कटा चालान: फर्जी नंबर प्लेट से पुलिस पर उठे सवाल
Amla Suspicious Death Case: चिता से उठाया शव: बहन ने जताई हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Betul Water Crisis: भीषण जल संकट की आहट: सूखता माचना एनीकट, ट्यूबवेलों के सहारे टिकी शहर की प्यास
Monkey Terror Ranipur: रानीपुर में डंडा-गुलेल लेकर दुकान चला रहे व्यापारी, बच्चे भी सहमे, यह है वजह
राशिफल 15 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
डबरी बनी स्थायी आजीविका का आधार : जल संरक्षण के साथ बढ़ी आय