Shahpur Theft Case: शाहपुर (राष्ट्रीय जनादेश)। थाना क्षेत्र में एक मकान से लाखों के जेवर और नकदी उड़ाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी की इस वारदात को नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा जिले के आरोपियों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। 

पुलिस ने बताया कि 18 फरवरी 2026 की शाम रश्मि पति अनिल धुर्वे, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम सालीमेट के सूने मकान का अज्ञात आरोपियों द्वारा ताला तोड़कर आलमारी एवं अन्य सामान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ली थी। सूचना पर सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट एवं डॉग स्क्वॉड द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य संकलित किए गए। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। आरोपियों को पकड़ने विशेष टीम गठित की गई।

इस आरोपी को किया गया गिरफ्तार 

लगातार तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा, निवासी ग्राम भटेरा, थाना पलोहा, जिला नरसिंहपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू, निवासी जिला छिंदवाड़ा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पांच लाख रुपये का माल बरामद 

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी अथवा सूचना देने वाले के लिए 10 हजार के पुरस्कार की उद्घोषणा की गई है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार सहित 5 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है।

इस टीम की रही मुख्य भूमिका

प्रकरण के सफल खुलासे में निरीक्षक अरविंद कुमरे (थाना प्रभारी), निरीक्षक आबिद अंसारी (अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ), चौकी प्रभारी भौंरा नीरज खरे, एएसआई भरतनाथ सिंह, प्रधान आरक्षक सुभाष मकोड़े, शेख शाहिद, आरक्षक धीरज काले, जयकिशन विश्वकर्मा, पवन एनिया, डॉग मास्टर विवेक गाडगे का योगदान रहा।