Betul Cricket Stadium: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। गौठाना में अभी जिस स्थान पर ट्रेंचिंग ग्राउंड है, वहां पर राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाना है। हालांकि इसके लिए वहां कोई दिक्कत नहीं है, इसके बावजूद स्टेडियम निर्माण के लिए अभी भूमिपूजन नहीं हो पाया है। इसकी वजह यह है कि कढ़ाई में बनने वाले ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए अभी पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं मिल पाई है। 

गौठाना में ट्रेंचिंग ग्राउंड वाले स्थान पर क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाना है। जून माह में ही चर्चा थी कि इसके लिए जल्द भूमिपूजन किया जा सकता है, लेकिन इसका भूमिपूजन अभी तक नहीं हो पाया है। यह कब तक होगा, यह भी अभी तक कहने की स्थिति में अधिकारी नहीं है। इसकी वजह नपा सूत्र यह बता रहे हैं कि कढ़ाई क्षेत्र में जिस स्थान पर ट्रेंचिंग ग्राउंड शुरू करना है, उसके लिए पर्यावरणीय स्वीकृति अभी नहीं मिल पाई है। इसके लिए आवेदन हालांकि किया जा चुका है और इसकी प्रक्रिया चल रही है। ट्रेंचिंग ग्राउंड की शुरूआत पर्यावरणीय स्वीकृति के बाद ही की जा सकेगी। 

स्वीकृति नहीं तो देखना होगा दूसरी जगह

यहां प्रस्तावित स्थल के लिए यदि पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त नहीं होती है तो फिर नगर पालिका को ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए कोई दूसरी जगह तलाश करना होगा। ऐसे में तब तक पुरानी जगह पर ही कचरा डंप करना होगा। इसलिए यहां पर अभी क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य का शुभारंभ नहीं किया जा रहा है। यदि यह कार्य शुरू कर दिया गया तो फिर यहां कचरा डंप नहीं किया जा सकेगा।