Betul Gambling Raid: 15 जुआरियों पर पुलिस की कार्रवाई, लेकिन सिर्फ 90 हजार की जब्ती पर उठे सवाल
Betul Gambling Raid: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बैतूल कोतवाली पुलिस ने एक जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के झाड़ेगांव में एक खेत के कमरे में जुए का अड्डा चल रहा था। यहां छापा मार कर पुलिस ने 15 जुआरियों को दबोचा है। जुआरियों के पास से 90500 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि 22 जुलाई को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन कर रवाना की गई। पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम झाड़ेगांव में आरोपी बंटी करोचे के खेत में बने कमरे में जुआ चल रहा है। सूचना पर तत्काल दबिश देकर पुलिस ने मौके से ताश पत्तों से जुआ खेलते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 1 ताश की गड्डी एवं कुल 90500 रुपये जप्त किए गए। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
दूर-दूर से आ रहे थे जुआरी
इस जुए के अड्डे पर दूर-दूर से जुआरी पहुंच रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सौरभ पिता शिवकुमार खंडेलवाल 36 वर्ष मुलताई, बंटी पिता मंगल करोचे 41 वर्ष निवासी ग्राम दुधिया हाल ग्राम टेमनी, अजयसिंह पिता स्व. इलराज सिंह ठाकुर 38 वर्ष खंजनपुर, शरद पिता मदनलाल सोनी 44 वर्ष मुलताई, निलेश पिता राधाकृष्ण अग्रवाल 47 वर्ष मुलताई, पुष्पराज पिता रामसिंह रघुवंशी 38 वर्ष सोमवारी, यश पिता गोविंद सावरकर 23 वर्ष टिकारी, अखिलेश पिता पारसनाथ पंडाग्रे 35 वर्ष जावरा, अजीत पिता अशोक सोनी 38 वर्ष, गौठाना, अंकित पिता स्व. रामदास सहाने 25 वर्ष कुम्हारटेक, कमलेश पिता दयाराम दौडके 40 वर्ष बिरूल बाजार, कपिल पिता कृष्णकांत वर्मा 43 वर्ष टिकारी, नितिन पिता कृष्णकुमार वर्मा 45 वर्ष टिकारी, सुदेश पिता स्व. रमेश छिपक 50 वर्ष बडोरा और अशोक पिता अनिल पाल 36 वर्ष सदर शामिल हैं।
पूरे जिले में जमकर चल रहा जुआ-सट्टा, पुलिस की कार्रवाई से हुआ खुलासा
बैतूल जिले में इन दिनों जुआ-सट्टा चरम पर है। मीडिया में खबरें आने के बाद दिखाने के लिए छुटपुट कार्रवाई की जाती है। जुए के अड्डे चलाने वालों का नेटवर्क इतना तगड़ा है कि उनको कार्रवाई की भनक पहले ही लग जाती है और वे भी दिखावे के लिए छोटा-मोटा केस बनवा लेते हैं। अड्डे चलाने वालों के बीच से छन कर आ रही बातों पर यकीन किया जाएं तो उन्हें ही कार्रवाई करने वालों द्वारा सलाह दी जाती है कि जगह बदल-बदल कर अड्डे चलाएं। इस बार भी बैतूल कोतवाली के अंतर्गत ग्राम झाड़ेगांव में पुलिस ने जुए के अड्डे पर दबिश देकर 90500 रुपये की जप्ती बनाई है। इसमें हास्यास्पद तथ्य यह है कि आरोपी 15 बनाए गए हैं। जुआ खेलने वाले और खिलाने वाले आसानी से यह बात समझ सकते हैं कि 15 लोगों की गिरफ्तारी यदि हो तो जुए की रकम कम से कम कितनी होनी चाहिए। जिला मुख्यालय के इतने नजदीक ग्राम झाड़ेगांव में यदि 90 हजार का जुआ पकड़ा रहा है तो कोलगांव, बैतूल बाजार, आठनेर, झल्लार, शाहपुर, मुलताई, आमला, सारणी, पाथाखेड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में जो जुए के अड्डे कथित तौर पर सुविधा शुल्क देकर चलाए जा रहे हैं, वहां किस पैमाने पर जुआ चल रहा होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। झाड़ेगांव में हुई पुलिस कार्रवाई ने यह सिद्ध कर दिया है कि पूरे जिले में यह सामाजिक बुराई किस तरह से फैल गई है। वो तो भला हो पूर्व में पदस्थ रही एसपी सिमाला प्रसाद का, जिन्होंने जिला मुख्यालय पर चलने वाले जुए के सबसे बड़े अड्डे को पूरी दबंगई से नेस्तनाबूद कर दिया था। उनके जाने के बाद लगातार जुए और सट्टे की बीमारी फिर से जिले में फैल रही है और पुलिस सिर्फ मुंह दिखाई के लिए कार्रवाई करती है।
९ लाख से ९० हजार कैसे हो गई जप्ती की रकम?
कोतवाली पुलिस द्वारा बुधवार रात्रि में ग्राम झाड़ेगांव में बंटी करोचे के खेत में बने कमरे से जुआ खेल रहे १५ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इस हाइप्रोफाइल और रईसजादों द्वारा खेले जा रहे जुएं के अड्डे से मात्र ९० हजार ५०० रूपए की जब्ती गले से नहीं उतर रही है। चर्चा है कि इस अड्डे पर लगभग ८ से ९ लाख रूपए का जुआ चल रहा था। पुलिस द्वारा मात्र ९० हजार ५०० रूपए की जब्ती बताई जा रही है। इस अड्डे का संचालन बैतूल के एक युवक द्वारा किया जा रहा था। जिसमें जुआ खेलने बैतूल शहर के साथ ही मुलताई, बैतूल बाजार, सांईखेड़ा, गंज थाना क्षेत्र के गांव से सभ्रांत परिवार के युवा जुंआ खेलने आए थे। चर्चा है कि इन जुआरियों में से मुलताई के एक जुआरी के पास ही लगभग तीन लाख रूपए थे। वहीं एक अन्य जुआरी भी लगभग डेढ़ लाख रूपए लेकर बैठा था। बाकी जुआरियों के पास भी २० से ५० हजार तक रूपए थे। बावजूद इसके पुलिस द्वारा ९० हजार ५०० रूपए की ही जब्ती बनाई गई है। बाकी के रूपए को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। खबर जुआरियों से मिले फीड बैक के आधार पर है। समाचार पत्र इसकी पुष्टि नहीं करता क्योंकि खेलने-खिलाने और पकड़ने-यहां खबर पढ़ने वाले सभी समझदार है।

मुख्यमंत्री आज निवाड़ी में देंगे 193 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
ई-मोबिलिटी की ओर भोपाल का बड़ा कदम, 10 नई ई-बसें सोमवार से शुरू
धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देना चाहते थे! छात्र आंदोलन पर बीजेपी नेता का बड़ा खुलासा