अजय बिश्नोई का बड़ा बयान, बोले- मंत्री राकेश सिंह सड़क परियोजनाओं को मंजूरी नहीं दे पा रहे
जबलपुर: जबलपुर की पाटन विधानसभा से भाजपा विधायक अजय बिश्नोई ने एक बार फिर अपनी ही सरकार को घेरे में ले लिया है। विधायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके PWD मंत्री राकेश सिंह पर निशाना साधा है।
उन्होंने जबलपुर-भोपाल हाईवे पर गिरे रेलवे ओवर ब्रिज का मुद्दा उठाया और रूट डायवर्ट होने के चलते पाटन-जबलपुर सड़क पर हुए हादसे का जिक्र किया। उन्होंने कहा इस हादसे में एक व्यक्ति की जान गई है। विधायक अजय बिश्नोई ने आगे कहा कि PWD मंत्री राकेश सिंह सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं दे पा रहे हैं।
विधायक ने एक्स पर किया पोस्ट
विधायक ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि भोपाल-जबलपुर के पाटन की ओर डायवर्ट किए गए ट्रैफिक ने आज फिर एक जान ले ली है। शहपुरा का पुल बन नहीं पा रहा है। सारा भारी ट्रैफिक पाटन होकर जबलपुर आ रहा है। पाटन की सड़क इतने भारी ट्रैफिक के लिए नहीं बनी है। भारी ट्रैफिक ने इस सड़क की हालत खराब कर दी है।
विधायक ने आगे लिखा कि जबलपुर-पाटन सड़क को चौड़ा और मजबूत करने की योजना को बजट में शामिल कर लिया गया है, परंतु यह सड़क PWD मंत्री राकेश सिंह की प्राथमिकता में नहीं है, इसलिए इसके निर्माण को स्वीकृति नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलकर उन्हें एक पत्र सौंपा है और अनुरोध किया है कि बजट में शामिल पाटन-जबलपुर एवं पाटन-मानकेड़ी सड़क को प्राथमिकता देकर निर्माण की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू कराई जाए।
पहले भी उठाए हैं तीखे सवाल
विधायक अजय बिश्नोई इससे पहले भी कई बार अपनी ही सरकार के सामने सवाल खड़े कर चुके हैं। पूर्व में उन्होंने जूट से बनी बोरी का मामला भी उठाया था, जिसके बाद उनके सुझाव पर अमल करने से सरकार को बारदाना (मुख्य रूप से जूट या प्लास्टिक से बनी बोरी) की खरीद में करीब 60 से 70 करोड़ रुपये की बड़ी बचत हुई थी।

'न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा', योगी के बयान से मैनपुरी की सियासत गरमाई
कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा खुलासा! बोले- आंदोलन के पहले दिन इस्तीफा देना चाहते थे धर्मेंद्र प्रधान
अनियंत्रित कार बनी मौत का जाल, तालाब में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जान गई