Betul Road Encroachment: न्यू मार्केट मिलने के बाद भी नहीं हट रहीं सड़क किनारे दुकानें, ट्रैफिक व्यवस्था पर बढ़ा संकट
Betul Road Encroachment: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर की प्रमुख सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले लगभग ८५ दुकानदारों को अभिनंदन सरोवर के पीछे न्यू मार्केट में गुमठियां देने के बावजूद सड़क किनारे से अतिक्रमण नहीं हट रहा है। कोठीबाजार पेट्रोल पंप से बस स्टैंड और लल्ली चौक तक दर्जनों दुकानें सड़क किनारे चल रही हैं। इन दुकानदारों ने सड़क किनारे बची दो से तीन फीट की जगह के शेड बना लिए हैं और सड़क पर व्यवसाय कर रहे हैं। सड़क किनारे दुकान लगने से इस वन वे सड़क पर वाहनों को आवेरटेक करना मुश्किल हो गया है।
शहर के कोठीबाजार पेट्रोल पंप से बस स्टैंड तक की सड़क अति व्यस्त सड़क है। इस सड़क से प्रतिदिन बैतूल से आने-जाने वाली लगभग ५ सैकड़ा यात्री बसों के साथ हजारों की संख्या में दो पहिया-चौपहिया वाहन चलते हैं। इस सड़क किनारे पूर्व में गुमठियां लगी थीं। नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले लगभग ८५ दुकानदारों को अभिनंदन सरोवर के पीछे जगह दी गई है। यहां नगर पालिका और व्यापारी द्वारा निर्धारित राशि जमा कर गुमठियां स्थापित की गई हैं। लगभग आधा सैकड़ा दुकानदारों द्वारा यहां दुकानें लगा भी ली है। इसके बावजूद सड़क किनारे से अतिक्रमण नहीं हटा है।
दो से तीन फीट जगह में लगाई दुकानें
अतिक्रमण हटाने के बाद नपा द्वारा कोठीबाजार पेट्रोल पंप से बस स्टैंड होते हुए लल्ली चौक तक डिवाइडर युक्त टू-लेन सड़क बनाई है। सड़क बनाने के पूर्व नपा ने सड़क किनारे से अतिक्रमण में लगी सभी दुकानें हटा दी थी। वन-वे सड़क बनने के बाद सड़क किनारे नाली के लिए कहीं दो फीट तो कहीं तीन फीट की जगह बची है। नपा ने यहां कवर्ड नाली बना दी है। पेट्रोल पंप चौक से बस स्टैंड तक तो सड़क किनारे एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, उत्कृष्ट स्कूल की बाउंड्रीवाल और सड़क के बीच सिर्फ कवर्ड नाली बनी है। अतिक्रमणकारियों ने इस नाली के ऊपर दो से तीन फीट के शेड बना लिए हैं। कुछ लोगों ने पलंग पेटी रखकर सामान भर दिया है। दुकानदार सड़क पर सामान निकाल कर व्यावसाय करते हैं। इन दुकानों में आने वाले ग्राहक और उनके वाहन भी सड़क पर ही खड़े रहते है। बस स्टैंड तक की ओर जाने वाली सड़क पर बसों के जाने के लिए कम जगह बच रही है। बस के पीछे आने वाले बाईक चालकों तक को बस को ओवरटेक करने जगह नहीं मिलती है।
बस स्टैंड से लल्ली चौक तक भी सड़क तक अतिक्रमण
बस स्टैंड से लल्ली चौक तक भी लगभग यही स्थिति है। यहां भी कई दुकानदारों ने सड़क तक दुकानें लगा ली है। ज्योति टॉकीज के पास तो दुकानदारों ने सड़क तक दुकानें फैला ली है। इन दुकानों में आने वाले ग्राहक सड़क पर वाहन खड़े कर खरीदी करने जाते हैं। जिससे यहां भी सड़क की चौड़ाई कम हो रही है। डिवाइडर होने से यहां भी चौपहिया वाहनों को ओवर टेक करने में परेशानी हो रही है। नागरिकों और वाहन चालकों ने पेट्रोल पंप से लल्ली चौक तक सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

हादसे के बाद प्रशासन सख्त, सुपरवाइजर पर गिरी गाज और कंपनी हुई ब्लैकलिस्ट
शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव! प्रल्हाद जोशी ने संभाला कार्यभार
'न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा', योगी के बयान से मैनपुरी की सियासत गरमाई
कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा खुलासा! बोले- आंदोलन के पहले दिन इस्तीफा देना चाहते थे धर्मेंद्र प्रधान
अनियंत्रित कार बनी मौत का जाल, तालाब में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जान गई