Betul Jansunwai System: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट में होने वाली जनसुनवाई का सिस्टम आखिर बदल गया है। अब यहां फरियाद लेकर आए लोगों को घंटों तक कतार में खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ रहा है बल्कि वे भी इत्मीनान और सम्मान के साथ कुर्सियों पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। यही नहीं अधिकारी भी अब एसी रूम में आरामदेह कुर्सियों पर नहीं बैठ रहे हैं, बल्कि वे भी फरियादियों के साथ प्लास्टिक की कुर्सियों पर ही बैठ रहे हैं। 

यह बदलाव हो सका है राष्ट्रीय जनादेश द्वारा प्रमुखता के साथ इस संवेदनशील मुद्दे को उठाए जाने पर। दरअसल, विगत 15 जुलाई को राष्ट्रीय जनादेश ने 'जनता की सुनवाई की जगह हो रही भारी फजीहतÓ शीर्षक से यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसमें घंटों से कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे बुजुर्गों और महिलाओं का दर्द बयां किया गया था। इस दर्द को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने भी शिद्दत से महसूस किया। उन्होंने तत्काल ही कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे को जनसुनवाई का सिस्टम बदलने के निर्देश दिए। इस पर जिला प्रशासन ने भी पूरी गंभीरता से इस मुद्दे को लिया और आज अगले सप्ताह ही इस व्यवस्था में बदलाव कर लिया। 

अब इस स्थान पर हो रही जनसुनवाई 

जिला प्रशासन द्वारा बदली गई व्यवस्था के बाद अब जनसुनवाई कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नहीं बल्कि कलेक्ट्रेट भवन के बीच में स्थित खाली जगह (आंतरिक प्रांगण) पर हो रही है। यहां पर फरियादियों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इससे किसी को परेशान नहीं होना पड़ रहा है और उनकी बारी तक वे आराम से बैठ कर राहत महसूस कर सकते हैं। 

अफसर भी प्लास्टिक की कुर्सियों पर 

जनसुनवाई में चूंकि सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहते हैं। अभी तक वे सभी भी वातानुकूलित सभाकक्ष की आरामदेह कुर्सियों पर बैठते थे। आज अब तमाम अधिकारी भी जो कुर्सियों फरियादियों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं, उन्हीं पर बैठते हैं। हालांकि फरियादी बीच में और अधिकारी किनारे पर दोनों ओर बैठते हैं। 

फरियादी नहीं बराबरी का एहसास 

इस बदली व्यवस्था के कारण अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों को भी स्वयं के कमतर होने का एहसास नहीं हो रहा है। एक ओर जहां अब उन्हें बैठने को कुर्सियां मिल रही हैं वहीं अधिकारी भी उनके साथ ही बैठ रहे हैं। इससे उन्हें बराबरी का एहसास हो रहा है। यही कारण है कि उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री खंडेलवाल, कलेक्टर डॉ. सोनवणे और राष्ट्रीय जनादेश का आभार माना है।