Betul Petrol Pump Attack: बैतूल पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी, कर्मचारी को बेरहमी से पीटा, व्यापारियों का फूटा गुस्सा
Betul Petrol Pump Attack: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिला मुख्यालय के समीप खेड़ी के अखतवाड़ा में स्थित शिव शक्ति सेल्स पेट्रोल पंप पर बीती रात 10 बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। यहां उन्होंने एक कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की। साथ ही पेट्रोल पंप के ऑफिस में भी तोड़-फोड़ की। इस घटना को लेकर व्यापारियों ने जमकर आक्रोश जताया। उन्होंने सोमवार को एसपी वीरेंद्र जैन से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन किए जाने की चेतावनी भी दी।
प्रभुढाना निवासी राजेश पिता रामप्रसाद शेषकर (28) ने कोतवाली पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह व्यवसायी हिरेन पटेल के शिव शक्ति पेट्रोल पंप पर कार्य करता है। रविवार रात करीब 9 बजे वह और मनोज चंदेलकर ड्यूटी पर थे। उसी बीच बगल के ढाबे वाला अनुराग उर्फ अरूण पिता कैलाश मालवीय निवासी बैतूल आया और पेट्रोल भरवाने के बाद पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज की। साथ ही जातिसूचक शब्द भी कहे और 2 झापड़ मार कर चला गया। इसके बाद रात 11 करीब बजे अचानक 9-10 बदमाश आए। यह नकाब लगाए थे और बाउंसर जैसे लग रहे थे। उन्हें अरूण मालवीय ने ढाबे से बताया कि यही वह लड़का है। इसके बाद उन बदमाशों ने ऑफिस के अंदर मारपीट की और बाहर खींच कर लाए। वे लकड़ी और पाइप से मारपीट करने लगे। इस पर सहकर्मी मनोज चंदेलकर ने बीचबचाव किया। बदमाशों ने डंडे और पत्थर से पेट्रोल पंप के ऑफिस का कांच भी तोड़ दिया। जाते-जाते घर में आकर भी मारने की धमकी दी। इस घटना में राजेश को सिर, दोनों हाथों में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।
बलवा सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली बैतूल में धारा 296(बी), 115(2), 351(2), 191(2), 331(6), 324(2), 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(वीए) एससी/एसटी एक्ट पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण के मुख्य आरोपी अनुराग उर्फ अरुण पिता कैलाश मालवीय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा दबिश दी जा रही है।
गुस्साए व्यापारियों ने कहा- आरोपियों के घर पर चलाए बुलडोजर
इस घटना को लेकर विभिन्न व्यापारी संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन के पदाधिकारी आज इस मामले को लेकर एसपी वीरेंद्र जैन से मिले और आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसपी को सौंपे ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि विगत रात्रि में शिव शक्ति सेल्स पेट्रोल पंप पर डकैती का प्रयास किया गया। इसके साथ ही जिले में इन दिनों व्यवसायियों पर हमले, धमकी आदि बढ़ गए हैं। उक्त पेट्रोल पंप पर जिस तरह दर्जन भर नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर तोड़फोड़ की है, उससे पता चलता है कि ये कानून से भी नहीं डर रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज जरूर किया है लेकिन गैंगस्टर एक्ट, एनएसए और अपराधियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन से ही भय पैदा होगा। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी भी तभी हो पाएगी, जब उनको घर-दुकान पर कार्रवाई का भय होगा। इसके पूर्व में भी कई चोरी-डकैती हुई है परंतु पुलिस विभाग द्वारा आज तक किसी भी अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे व्यापारी वर्ग नाराज है और अपने आप को ठगा हुआ महसूस करता है। ऐसी घटनाओं को लेकर व्यापारियों में बेहद आक्रोश है। यदि 48 घंटे में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो व्यापारियों को अगला कड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन सौंपते समय कैट अध्यक्ष मनोज भार्गव, सचिव दीपक खुराना, उपाध्यक्ष आलोक मालवीय, कोषाध्यक्ष मनोज मेहता, योगी खंडेलवाल, राजेंद्र काबरा, पेट्रोल पंप एसोसिएशन से राजेश आहूजा, राजू अग्रवाल, राकेश शर्मा, विवेक मालवीय, जैमिन पटेल, अमित सपरा, कपड़ा व्यापारी एसोसिएशन से संजय पगारिया, राजेश मदान, विवेक जैन, पदम सुराना, मुकेश गुप्ता, अनाज तिलहन संघ से अतुल शाह, जिला उद्योग संघ से ब्रज आशीष पांडे, पीयूष तिवारी, अंबेश बलुआपुरी, बैतूल जनरल एवं किराना संघ से गजानंद मोटवानी, धर्मेंद्र मेहता, टूटू भार्गव, धीरज हिरानी, बबन आहूजा, जिला औषधि संघ से दीपक सलूजा, सराफा एसोसिएशन से उषभ गोठी, लोकेश पगारिया, अतीत पवार, अतीत अग्रवाल, लट्टू अग्रवाल, कुशकुंज अरोरा, बलराम मालवीय, प्रतीक शाह सहित अन्य व्यापारी उपस्थित थे।
एसपी ने दिया यह आश्वासन
व्यापारियों से मुलाकात के दौरान एसपी श्री जैन ने बताया कि इस प्रकरण में सभी सख्त धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से भी अपील की कि वे रात्रि के समय कैश कम रखें और सुरक्षा के मद्देनजर ज्यादा कर्मचारी तैनात रखें।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए
Betul Land Encroachment: सरकारी जमीन पर कब्जे का बड़ा खेल, जांच में सामने आए 27 अतिक्रमण
Outsource Employees Salary: सीएमएचओ कार्यालय पर गंभीर आरोप, सफाईकर्मियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को नहीं मिल रहा पूरा वेतन
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान