6 मौतों ने खड़े किए बड़े सवाल, परिजनों ने रेत माफिया पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप
नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 पर सुआतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंदिरा नगर के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 6 युवकों की असमय मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे एक सुनियोजित साजिश और हत्या करार दिया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
सड़क किनारे खड़े युवकों को हाईवा ने कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ये सभी युवक हाथीनाला वॉटरफॉल से घूमकर लौट रहे थे और सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे तथा फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवकों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके अलावा दो घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों का कुल आंकड़ा छह तक पहुंच गया।
परिजनों ने लगाया रंजिश का गंभीर आरोप
करेली स्थित मुक्तिधाम परीक्षण गृह में जब मृतक राजेंद्र पटेल के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था, तब परिजनों और साथियों ने जमकर आक्रोश जताया। मृतक के भाई प्रेमसिंह पटेल ने आरोप लगाया कि यह महज एक सड़क हादसा नहीं है, बल्कि पुरानी रंजिश के तहत की गई हत्या है। परिजनों का दावा है कि इन युवकों ने कुछ समय पहले ही इलाके में चल रहे अवैध रेत कारोबार के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाई थी और मुहिम चलाई थी, जिसके कारण रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है।
हर पहलू से निष्पक्ष जांच की मांग
घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि वाहन सड़क से नीचे उतरकर सीधे युवकों को कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे उनका संदेह और अधिक गहरा गया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की हर पहलू से गहराई से और निष्पक्ष जांच की जाए। फिलहाल, पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा सभी बिंदुओं पर गंभीरता से तफ्तीश कर रही है।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए