Betul Congress Office: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिला मुख्यालय के लल्ली चौक पर कांग्रेस कार्यालय के लिए आरक्षित जमीन से अतिक्रमण हटने के बाद कांग्रेस कार्यालय बनाने का रास्ता साफ हो गया है। जिला कांग्रेस भवन के लिए जिले के कांग्रेसी जितनी भी राशि जमा करेंगे, उतनी ही राशि प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा दी जाएगी। भवन निर्माण के लिए जिले में जितनी भी राशि जमा होगी, वह तीन गुना हो जाएगी। उक्त घोषणा शुक्रवार को संगठन सृजन कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महासचिव संजय कामले ने की। इस राशि से जिला मुख्यालय पर कांग्रेस का भव्य भवन तैयार होगा। जिला कांग्रेस द्वारा अभी भवन निर्माण के नक्शे को अंतिम रूप नहीं दिया है। सूत्रों के अनुसार उक्त भवन चार मंजिला बनाया जाएगा, जिसमें बेसमेंट में पार्किंग और ग्राउंड फ्लोर पर कमर्शियल दुकानें बनाकर किराए पर दी जाएंगी।

लल्ली चौक बैतूल में कांग्रेस कार्यालय के लिए आरक्षित जमीन अतिक्रमण मुक्त हो गई है। जिला कांग्रेस द्वारा यहां बाउण्ड्री भी कर दी गई है। कांग्रेस द्वारा यहां जिला कांग्रेस के लिए भव्य भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से चंदा लिया जाएगा। जैन दादावाड़ी में आयोजित संगठन सृजन कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा २१ लाख रुपए, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे 2 लाख ५१ हजार रुपए देने की घोषणा कर चुके हैं। संगठन सृजन कार्यक्रम में आए पीसीसी संगठन महासचिव संजय कामले ने जिले के कांग्रेस नेताओं को कार्यालय निर्माण के लिए अधिक से अधिक चंदा देने प्रेरित करते हुए कहा कि जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता जितनी भी राशि जमा करेंगे, उतनी राशि पीसीसी और उतनी ही राशि एआईसीसी से दी जाएगी। जिले में जमा राशि तीन गुना हो जाएगी। जिससे जिला कांग्रेस का भव्य भवन तैयार होगा।

चार मंजिला बनेगा कांग्रेस कार्यालय

जिला कांग्रेस द्वारा अभी भवन निर्माण का नक्शा फायनल नहीं किया है, लेकिन यहां भव्य चार मंजिला भवन बनाने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार उक्त भवन के बेसमेंट में पार्किंग बनाई जाएगी। ग्राउंड फ्लोर पर लगभग २२ दुकानें बनाकर किराए पर दी जाएंगी। फर्स्ट फ्लोर पर हाल सेकेण्ड फ्लोर पर पदाधिकारियों के कार्यालय रहेंगे। वहीं थर्ड फ्लोर पर भी ऑफिस बनाए जाएंगे। दुकानों को मासिक किराए पर दिया जाएगा। कांग्रेस द्वारा शीघ्र ही कांग्रेस भवन का नक्शा फायनल कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

निलय की तुलना में १ प्रतिशत भी प्रापर्टी नहीं फिर भी १० प्रतिशत दे रहा हूं चंदा : पांसे

छोटे भाई निलय डागा की तुलना में मेरी प्रापर्टी एक प्रतिशत भी नहीं है। निलय ने जिला कांग्रेस कार्यालय के लिए २१ लाख रुपए चंदा दिया है तो मैं भी उसकी तुलना में १० प्रतिशत २ लाख ५१ हजार रुपए जिला कांग्रेस भवन निर्माण के लिए देने की घोषण करता हूं। पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे ने शुक्रवार को कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के दौरान मंच से यह बाते कहीं तो पूरा हॉल ठहाकों और तालियों से गूंज गया।

जैन दादावाड़ी बैतूल में जिला कांग्रेस द्वारा पहली बार ब्लॉक, नगर और मंडलम अध्यक्षों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। शुक्रवार को शिविर के पहले दिन जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस भवन निर्माण के लिए अपनी ओर से २१ लाख रुपए देने की घोषणा की थी। श्री डागा के २१ लाख रुपए की घोषणा के बाद मंच पर आए पूर्व मंत्री एवं पीसीसी उपाध्यक्ष ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मेरी प्रापर्टी निलय की तुलना में एक प्रतिशत भी नहीं है। मैं निलय की तुलना में १० प्रतिशत २ लाख ५१ हजार रुपए का चंदा जिला कांग्रेस कार्यालय के लिए दूंगा।