Betul Ring Road CRIF Proposal: बैतूल में सड़क नेटवर्क का बड़ा प्लान, CRIF से बन सकती हैं रिंग रोड समेत 5 अहम सड़कें
Betul Ring Road CRIF Proposal: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बैतूल शहर के आसपास बनने वाली 21 किलोमीटर लंबी रिंग रोड को अब सीआरआईएफ (सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड) से करवाने की कवायद की जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भिजवाया गया है। इसके साथ ही जिले की 4 अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव भी भिजवाए गए हैं। इन प्रस्तावों को यदि केंद्र सरकार से अनुमति मिल जाती है तो कुल 134.42 किलोमीटर लंबी 5 सड़कों का निर्माण 403.26 करोड़ रुपये की लागत से हो सकेगा।
बैतूल शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक के कारण रिंग रोड बनाना जरुरी हो गया है। रिंग रोड बनने से उन वाहनों को जबरन बैतूल शहर में आने की जरुरत नहीं पड़ेगी, जिन्हें बैतूल में आना ही नहीं है बल्कि कहीं और जाना है। बढ़ते गैरजरुरी वाहनों और ट्रैफिक के कारण शहर के भीतर हादसे भी लगातार हो रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय लोगों को आवाजाही में भी खासी परेशानी उठाना पड़ रहा है। यही कारण है कि लोगों की मांग को देखते हुए बैतूल में पिछले काफी समय से रिंग रोड प्रस्तावित है। पिछली राज्य सरकार द्वारा इसकी मंजूरी भी दे दी गई थी, लेकिन इसके बाद सरकार बदलने पर यह रिंग रोड भी ठंडे बस्ते में चला गया। हालांकि विभाग द्वारा राज्य सरकार को लगातार इस कार्य प्रस्ताव भिजवाया जाता रहा, लेकिन बजट उपलब्ध नहीं हो पाया।
अब केंद्र से मांगे गए 63 करोड़ रुपये
राज्य सरकार की खस्ता माली हालत को देखते हुए अब केंद्र सरकार से इस महत्वपूर्ण रोड के लिए राशि की मांग की गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक की अनुशंसा पर इस प्रस्तावित कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग ने केंद्र सरकार को इस कार्य का प्रस्ताव भिजवाया है। कुल 21 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 63 करोड़ रुपये की लागत आने की संभावना जताई गई है। यदि केंद्र से हरी झंडी मिलती है तो शहरवासियों को बड़ी सौगात मिल सकती है।
बैतूल का एक और मार्ग भी प्रस्तावित
इसके अलावा बैतूल क्षेत्र का एक और मार्ग भी सीआरआईएफ से निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव भिजवाया गया है। यह बैतूल-सोनाघाटी-चांदबेहड़ा-जोगली मार्ग है। इसकी लंबाई 25 किलोमीटर है और इस पर 75 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इस मार्ग के निर्माण से दर्जनों गांवों के लोगों को लाभ मिल सकेगा।
महाराष्ट्र को जोड़ेगी यह यह सड़क
सीआरआईएफ से निर्माण के लिए अन्य जिन सड़कों के प्रस्ताव भेजे गए हैं, उनमें एक प्रमुख सड़क मुलताई क्षेत्र की भी है। यह सड़क मुलताई क्षेत्र में एनएच 47 के उभारिया जोड़ से शुरू होगा और हिवरखेड़, इटावा होकर महाराष्ट्र में वरूड़-अमरावती राजमार्ग को जोड़ेगी। यह नवीन सड़क होगी। कुल 57.17 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 171.51 करोड़ रुपये में होगा। इस सड़क की मंजूरी मिलने पर मुलताई क्षेत्र के लोगों की महाराष्ट्र तक आवाजाही आसान हो सकेगी।
यह दो सड़कें भी प्रस्ताव में शामिल
इनके अलावा 2 अन्य सड़कों को भी शामिल किया गया है। इनमें एक झल्लार, आमला, बरहापुर, भैंसदेही मार्ग है। इसकी लंबाई 15.60 किलोमीटर और लागत 46.80 करोड़ रुपये अनुमानित है। दूसरा मार्ग सातनेर-देहगुड़-मांडवी मार्ग है। इसकी लंबाई 15.65 किलोमीटर है और इस पर लागत 46.95 करोड़ रुपये अनुमानित है। इन सड़कों के कारण भी ग्रामवासियों को आवाजाही में आसानी होगी।

राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को चेतावनी, कहा- पीओके के अलावा किसी मुद्दे पर नहीं होगी बात
फर्जी रोमन थिएटर का 10 साल तक चलता रहा खेल, हजारों रुपये वसूलने के बाद ऐसे खुली पोल
विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों का जलवा, ईशा सिंह ने जीता स्वर्ण, मनु भाकर को कांस्य
'हमने मिठाई तक छोड़ दी...' भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता ने बताया मेडल का मंत्र
जयराम रमेश के बयान पर पलटवार, धर्मेंद्र प्रधान बोले- मैं स्ट्रीट फाइटर हूं