Kargil Chowk Gadaghat Road: 4.51 करोड़ की सड़क अधूरी, तय समय के 5 महीने बाद भी सिर्फ 1 किमी निर्माण, ठेका निरस्त
Kargil Chowk Gadaghat Road: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के कारगिल चौक से गाड़ाघाट होकर पुराने नेशनल हाईवे तक बन रही टू-लेन सीसी रोड का ठेका लोक निर्माण विभाग ने निरस्त कर दिया है। कार्य में लेटलतीफी के चलते विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है। हालांकि इस कार्यवाही पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं क्योंकि विभाग कई महीनों तक तो अतिक्रमण हटाकर साइट क्लियर करके ही नहीं दे पाया था।
विभागीय सूत्रों के अनुसार इस टू-लेन सड़क का निर्माण कार्य 4 करोड़, 51 लाख, 53 हजार रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस कार्य का ठेका कपिल शर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी भोपाल को मिला था। यह काम 3 मार्च 2026 तक पूरा करना था, लेकिन ठेकेदार इस समय सीमा में काम नहीं कर पाया। काम की रफ्तार इतनी धीमी है कि कुल 2.70 किलोमीटर लंबी इस सड़क में से ठेकेदार 5 माह बाद तक भी महज 1 किलोमीटर लंबी सड़क ही बना सका है। अभी भी 1.70 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होना है। ठेकेदार द्वारा जिस रफ्तार से काम किया जा रहा था, उससे अभी कई महीनों तक सड़क का काम पूरा होने की कोई उम्मीद नहीं थी।
कई बार दिए जा चुके हैं नोटिस
इस धीमी रफ्तार से चल रहे कार्य के कारण ही ठेकेदार को पूर्व में कई नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कार्य की रफ्तार में कोई सुधार नजर नहीं आया। इसी के चलते लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री मनीष कुमार मरकाम ने सख्त कदम उठाते हुए ठेका निरस्त कर दिया है। अब सड़क निर्माण के लिए नए सिरे से टेंडर किए जाएंगे।
अतिक्रमण ने भी की रफ्तार धीमी
विभाग द्वारा सख्ती तो दिखा दी गई लेकिन इस सख्त कार्रवाई पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। इसकी वजह यह है कि इस सड़क पर अतिक्रमण की भरमार थी। विभाग कई महीनों तक यह अतिक्रमण ही नहीं हटवा पाया था। जिससे भी काम रफ्तार नहीं पकड़ पाया था। इसके अलावा बिजली के खंभे तो अभी तक भी नहीं हट पाए हैं।

डिजिटल क्रांति से जगमगाया अबूझमाड़
बाहरी आडंबरों से अलग है दादाजी धूनीवाले धाम, जहां आध्यात्मिक शक्ति का होता है अनुभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से समय पर उपचार ने बचाई 4 वर्षीय मासूम की जान
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से दिव्यांग समझराम साहू को मिली बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्रायसायकल
निशातपुरा रेलवे स्टेशन से भोपाल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार : मंत्री सारंग