Betul Development Fund: जिला पंचायत के खाते में पड़े 8 करोड़, फिर भी ग्रामीण विकास कार्य ठप, लोग परेशान
Betul Development Fund: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। ग्रामीण क्षेत्र में भी लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल सके, इसके लिए सरकार द्वारा पंजीयन विभाग के जरिए जिला पंचायत को हर साल मोटी रकम मुहैया कराई जाती है। यह बात अलग है कि आज तक इस राशि का जिला पंचायत द्वारा उपयोग ही नहीं किया। यह राशि बीते कई सालों से बिना उपयोग के ही पड़ी है और लगातार बढ़ रही है। दूसरी ओर सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोग अपने मकान या प्लॉट की पंजीयन विभाग में जब रजिस्ट्री करवाते हैं तो उनसे जो राशि शुल्क के रूप में ली जाती है उसमें वह राशि भी शामिल होती है जो कि नगरीय निकायों और जिला पंचायत को उपलब्ध कराई जाती है। हर साल वित्त वर्ष समाप्त होने के बाद विभाग को कुल होने वाली आय का निर्धारित हिस्सा नगरीय निकायों और जिला पंचायत को उपलब्ध करा दी जाती है। बताया जाता है कि यह शुल्क वर्ष 2014 से वसूल किया जा रहा है और तभी से नगरीय निकायों और जिला पंचायत को उपलब्ध कराई जा रही है।
अभी तक इतनी राशि हो चुकी जमा
नगरीय निकायों में तो यह राशि बाकायदा हर साल खर्च कर ली जाती है, लेकिन जिला पंचायत द्वारा अभी तक एक बार भी इस राशि का उपयोग नहीं किया गया है। यही कारण है कि यह राशि लगातार बढ़ती जा रही है। जिला पंचायत के सूत्रों के अनुसार अभी तक इस मद में जिला पंचायत के पास 7 से 8 करोड़ रुपये की राशि जमा हो चुकी है। उपयोग नहीं होने के कारण भविष्य में भी इसमें इजाफा होता रहेगा।
शासन के निर्देशों का हो रहा इंतजार
बताया जाता है कि शासन द्वारा इस राशि के उपयोग को लेकर पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बाद से ही यह राशि जिला पंचायत को दी जा रही है। इसके बावजूद जिला पंचायत के अधिकारी इस राशि के उपयोग को लेकर जरा भी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। इसके विपरीत वे यह कहते नजर आते हैं कि शासन के जब निर्देश आएंगे, तब इस राशि का उपयोग किया जाएगा।
इस राशि से करने हैं यह काम
बताया जाता है कि ग्रामीण क्षेत्र में यदि कोई कॉलोनी बनती है तो वहां कॉलोनी के भीतर तो कॉलोनाइजर सड़क, नाली, बिजली की सुविधा उपलब्ध करा देता है, लेकिन कॉलोनी से लेकर मुख्य मार्ग तक सड़क नहीं बनाता। इन हालातों में कॉलोनी से लेकर मुख्य मार्ग तक सड़क बनाने में इस राशि का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि जिला पंचायत द्वारा इस राशि से ऐसा कोई काम ही आज तक नहीं किया गया।
लोग परेशानी उठाने को मजबूर
जिले में ग्रामीण क्षेत्र में ऐसी कई कॉलोनियां हैं, जहां पर मुख्य मार्ग से कॉलोनी तक सड़क ही नहीं है। जिला पंचायत द्वारा इस तरह की कॉलोनियों में सड़क का निर्माण नहीं किए जाने के कारण उन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जिला पंचायत अभी भी इस राशि का उपयोग करें तो ऐसी कई कॉलोनियों में परेशानी उठा रहे लोगों को बड़ी राहत और सुविधा मिल सकती है।

डिजिटल क्रांति से जगमगाया अबूझमाड़
बाहरी आडंबरों से अलग है दादाजी धूनीवाले धाम, जहां आध्यात्मिक शक्ति का होता है अनुभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से समय पर उपचार ने बचाई 4 वर्षीय मासूम की जान
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से दिव्यांग समझराम साहू को मिली बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्रायसायकल
निशातपुरा रेलवे स्टेशन से भोपाल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार : मंत्री सारंग