Betul Crime News: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर में आए दिन ऐसी गंभीर घटनाएं घट रही हैं, जिनसे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आपराधिक तत्वों पर पुलिस का जरा भी खौफ नजर नहीं आ रहा है। यही कारण है कि खुलेआम तलवार और चाकू जैसे हथियार लहराते हुए बेखौफ होकर हमले किए जा रहे हैं। शहर के विनोबा वार्ड भग्गूढाना में भी ऐसी ही एक घटना बीती रात हो गई। पुलिस इसे एक पुराने विवाद से जोड़ कर देख रही है। दूसरी ओर जेएच कॉलेज के सामने कुछ युवकों ने एक युवक की सरेआम बेरहमी से मारपीट कर दी। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के बैतूल गंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत विनोबा वार्ड में बुधवार रात करीब 11 बजे 3 युवकों पर 10 से 12 युवकों द्वारा जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने चाकू, तलवार, स्टिक और बेसबॉल बैट जैसे हथियारों से हमला किया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। 

हमले में तीन लोग हुए घायल 

इस हमले में 15 वर्षीय एक अपचारी बालक को मामूली चोटें आई हैं। वहीं राजेंद्र वार्ड निवासी देवेंद्र ठाकुर (26) घायल हुए हैं। राजा पिता योगेश (19) निवासी राजेंद्र वार्ड के कान पर चाकू से वार किया गया है। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

एक आरोपी को पहचानते हैं पीड़ित 

घायलों के अनुसार वे क्षेत्र में चल रहे एक विवाद को देखने पहुंचे थे। इसी दौरान 10 से 12 युवकों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों में से वे केवल एक आरोपी को ही पहचानते हैं, जबकि अन्य की पहचान नहीं हो सकी है।

कट मारने को लेकर हुआ था विवाद 

इस मामले में गंज थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। कहा जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस पुराने विवाद को भी घटना से जोड़कर जांच की जा रही है। गंज टीआई नीरज पाल के मुताबिक कट मारने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पुलिस ने एक आरोपी निखिल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच के बाद अन्य आरोपियों पर भी मामला दर्ज किया जाएगा।

जेएच कॉलेज के सामने चार युवकों ने बेरहमी से पीटा 

इधर जेएच कॉलेज के सामने गुरुवार को एक युवक की 4 आरोपियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। सरेआम और दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने के साथ ही क्षेत्र में भी दहशत फैला दी। गंज थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मारपीट की घटनाएं लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। आए दिन हो रहे झगड़े और हमलों से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई करें, असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाएं और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करें।