Betul Water Crisis: पानी के संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, पार्षदों संग नपा पहुंचे नागरिक
Betul Water Crisis: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बारिश शुरू होने के बावजूद बीते कई दिनों से पानी के लिए परेशान शहर के लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। यही कारण है कि जिन क्षेत्रों में पानी की अधिक समस्या है, उन क्षेत्रों के लोग और पार्षद बुधवार को नगर पालिका कार्यालय जा पहुंचे। यहां उन्होंने सीएमओ नवनीत पांडे से चर्चा की और तत्काल पानी का संकट दूर करने की मांग की। सीएमओ ने उन्हें आज शाम से ही जलापूर्ति सामान्य किए जाने के प्रयास करने का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि शहर के कई वार्डों में पिछले पांच-छह दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। कई इलाकों में नलों में पानी नहीं पहुंचा, जबकि जहां जलापूर्ति हुई वहां गंदा पानी आने की शिकायतें सामने आईं। यही कारण है कि इस समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों और पार्षदों ने आज नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर सीएमओ से तत्काल समाधान की मांग की।
पाइप लाइन की कराई जाएं जांच
नपा पहुंचे पार्षदों ने बताया कि अनियमित जलापूर्ति के कारण लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर दूषित पानी की आपूर्ति से स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। उन्होंने सभी प्रभावित वार्डों में नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ पाइप लाइन की जांच कराने की मांग की।
सीएमओ ने लोगों को दी यह जानकारी
मिलने पहुंचे लोगों को सीएमओ नवनीत पांडे ने बताया कि कॉलेज चौक पर मुख्य पेयजल पाइप लाइन में लीकेज होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई थी। पाइप लाइन की मरम्मत में करीब 48 घंटे का समय लगा, जिससे कई वार्डों में पानी की सप्लाई बाधित रही। उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी को दूर कर लिया गया है और व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से सामान्य किया जा रहा है।
जलापूर्ति सामान्य करने का प्रयास जारी
सीएमओ ने बताया कि बुधवार शाम से प्रभावित वार्डों में दोबारा नियमित जलापूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि किसी क्षेत्र से गंदे पानी की शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने नागरिकों से कुछ समय तक सहयोग की अपील करते हुए जल्द स्थिति सामान्य होने का भरोसा दिलाया।

पेपर लीक मुद्दे पर पिघली बर्फ, सरकार और विपक्ष में बनी सहमति; कल सदन में हो सकती है चर्चा
'पंजाब को शिक्षा में नंबर 1 बनाया', केजरीवाल का भाजपा पर तीखा हमला, पेपर लीक पर भी दिया जवाब
राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को चेतावनी, कहा- पीओके के अलावा किसी मुद्दे पर नहीं होगी बात
फर्जी रोमन थिएटर का 10 साल तक चलता रहा खेल, हजारों रुपये वसूलने के बाद ऐसे खुली पोल
विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों का जलवा, ईशा सिंह ने जीता स्वर्ण, मनु भाकर को कांस्य