Betul Patwari Sangh Election: बैतूल पटवारी संघ चुनाव: 11 दावेदारों ने ठोकी ताल, आज होगा नए अध्यक्ष का फैसला
Betul Patwari Sangh Election: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। विभिन्न कर्मचारी संगठनों में से एक बेहद महत्वपूर्ण और पॉवरफुल माने जाने वाले जिला पटवारी संघ को आखिरकार नया अध्यक्ष मिलना तय हो गया है। पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष के लिए शनिवार को शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया में यह तय हो गया है कि संघ को इस बार नया जिला अध्यक्ष मिलेगा। वहीं इस बात के आसार भी कम ही नजर आ रहे हैं कि किसी एक नाम सर्वसम्मति बन पाएगी, क्योंकि इस पद पर आसीन होने के लिए एक-दो नहीं बल्कि 11 पटवारियों ने अपनी दावेदारी जताने का फैसला लिया है। उन्होंने कुल 13 नामांकन फॉर्म लिए हैं। दूसरी ओर अभी तक कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में संघ की कमान संभाल रहे अवधेश वर्मा अध्यक्ष की दौड़ से बाहर हो गए हैं।
पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष का चुनाव हर 3 साल बाद होता है। 3 साल पूरे होने पर अब एक बार फिर जिला अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई है। चुनाव के लिए नजूल शाखा में राजस्व निरीक्षक सुखराम सिरसाम को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके द्वारा आज से निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके तहत शनिवार को पुराने तहसील कार्यालय स्थित पटवारी कार्यालय में सुबह 11 बजे मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया, दोपहर 3 बजे तक इस पर दावें-आपत्ति प्राप्त किए गए और 3 बजे मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इसके बाद दोपहर 3 से 4 बजे तक नामांकन फॉर्म का वितरण किया गया।
आज भरे जाएंगे फॉर्म, आएंगे नतीजे
निर्वाचन प्रक्रिया के दूसरे दिन रविवार को सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक नामांकन फॉर्म जमा किए जाएंगे। 10.45 बजे तक नामांकन फॉर्म की जांच की जाएगी। 11 बजे तक नामांकन फॉर्म वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद सुबह 11 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी। यदि एक से अधिक उम्मीदवार रहते हैं तो फिर दोपहर 12 से 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। दोपहर 3.30 बजे से मतगणना होगी और मतगणना के बाद निर्वाचन की घोषणा की जाएगी। रविवार की प्रक्रिया गुरुद्वारा रोड बैतूल गंज स्थित आदिवासी समाज मंगल भवन में होगी।
यह जताएंगे अध्यक्ष की दावेदारी
आज जिन पटवारियों या उनके प्रस्तावकों के द्वारा नामांकन फॉर्म लिए गए हैं, उनमें मनीष पंवार प्रभातपट्टन, मोहनलाल धुर्वे भैंसदेही, अनिल वर्मा बैतूल, धनराज इवने आमला, सुरेश मिश्रा चिचोली, बिरजलाल भलावी भैंसदेही, सदाशिव प्रधान बैतूल, धु्रपद रघुवंशी मुलताई, अनिल उइके शाहपुर, मनीष पंवार प्रभातपट्टन और राजिक अली चिचोली शामिल हैं। इनमें मोहनलाल धुर्वे और बिरजलाल भलावी के लिए 2-2 नामांकन फॉर्म लिए गए हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष ने नहीं लिया फॉर्म
गौरतलब है कि पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष का पद पिछले करीब डेढ़ साल याने जनवरी 2025 से कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश वर्मा संभाल रहे हैं। उनसे पहले इस पद पर जितेंद्र पटवारी आसीन थे। इस बीच उनको राजस्व निरीक्षक पद पद पदोन्नति मिल गई। उनका कार्यकाल समाप्त होने को डेढ़ साल का समय बाकी था। इधर पटवारियों के ऊपर उस समय भी कार्य का काफी बोझ था। इसलिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न करने का मौका ही नहीं मिला। इन हालातों में जिला उपाध्यक्ष अवधेश वर्मा को ही कार्यकारी जिला अध्यक्ष बना दिया गया। अभी तक वे इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लेकिन उन्होंने इस बार अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने में रूचि नहीं दिखाई और नामांकन फॉर्म ही नहीं लिया।
पटवारियों को मिलेगा नया अध्यक्ष
इन हालातों में अब पटवारियों को नया अध्यक्ष मिलना तय है। अध्यक्ष पद की दावेदारी जताने का मन बना चुके उम्मीदवार भी अब पटवारियों से संपर्क कर अपनी प्राथमिकताएं गिना कर प्रयास कर रहे हैं कि अधिक से अधिक पटवारियों को अपने पक्ष में लामबंद कर सके। जिले में 490 पटवारी पदस्थ हैं। हालांकि मतदाता सूची में करीब 315 पटवारी ही शामिल बताए जा रहे हैं। अब अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला होगा या फिर किसी एक नाम पर आम सहमति बन पाती है, यह कल सुबह 11 बजे तक स्पष्ट हो सकेगा। यदि मुकाबला हुआ तो पटवारी किस पर भरोसा करके उसे संघ की कमान सौंपते हैं, यह दोपहर 3.30 बजे के बाद साफ हो जाएगा।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए