Betul Rain Alert: बैतूल में बारिश ने पकड़ी रफ्तार, चिचोली सबसे आगे, आज अति भारी बारिश का अलर्ट
Betul Rain Alert: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। मौसम विभाग ने भले ही इस साल सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई है, लेकिन अभी तक की स्थिति देखें तो जिला बीते साल से बेहतर चल रहा है। इस साल बारिश के मामले में सबसे अच्छी स्थिति चिचोली ब्लॉक की है, जहां पर सबसे ज्यादा 365.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं भैंसदेही ब्लॉक 278 मिलीमीटर के साथ दूसरे और मुलताई ब्लॉक 248 मिलीमीटर के साथ तीसरे स्थान पर चल रहा है। इधर जिले में रविवार को भी अति भारी बारिश की संभावना जताई है।
शुरूआत में बारिश ने काफी समय लगाया। इससे जिले के लोगों को गर्मी और उमस से हलाकान होना पड़ा। इसके बाद जून महीने के आखिर में मानसून सक्रिय हुआ और फिर अच्छी मेहरबानी जिले पर बनी हुई है। शनिवार को 3-4 दिनों बाद लोगों को मौसम खुला हुआ नजर आया और धूप भी तपी। हालांकि दोपहर तक आज भी शहर और क्षेत्र में बारिश का दौर चलता रहा। इससे आज भी आसार यही लग रहे थे कि कल की तरह पूरे दिन आज भी लगातार बारिश हो सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। इससे लोगों को कुछ राहत महसूस हुई।
जिले में 24 घंटे में इतनी बारिश
जिले में बीते 24 घंटे में शनिवार सुबह 8 बजे तक 26.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसमें सबसे ज्यादा 75 मिलीमीटर बारिश भैंसदेही ब्लॉक में हुई। इसके अलावा बैतूल में 25.4, घोड़ाडोंगरी में 14, चिचोली में 12, शाहपुर में 15, मुलताई में 22.4, प्रभातपट्टन में 19.2, आमला में 45, आठनेर में 15.2 और भीमपुर में 25 मिलीमीटर बारिश हुई।
इस साल बीते साल से बेहतर स्थिति
यदि अभी तक की बारिश की स्थिति देखे तो जिला बीते साल से बेहतर स्थिति में है। बीते साल आज तक की स्थिति में 191.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जबकि इस साल बारिश का आंकड़ा 236.1 मिलीमीटर पर पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा 365.3 मिलीमीटर बारिश चिचोली में हुई है। इसके अलावा बैतूल में 152.4, घोड़ाडोंगरी में 294, शाहपुर में 203.6, मुलताई में 248.2, प्रभातपट्टन में 242.4, आमला में 227, भैंसदेही में 278, आठनेर में 174.7 और भीमपुर में 176 मिलीमीटर बारिश हुई है।
आज अति भारी बारिश का अलर्ट
शनिवार को मौसम भले ही थोड़ा खुला रहा और लोगों को राहत भी महसूस हुई, लेकिन रविवार को एक बार फिर अति भारी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले में 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इसके बाद 7 जुलाई को भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दिन 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए