Border Police Coordination: सीमावर्ती जिलों में अपराध पर लगेगा ब्रेक, एमपी और महाराष्ट्र पुलिस ने लिया बड़ा फैसला
Border Police Coordination: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु दोनों राज्यों ने संयुक्त कार्रवाई करने, सतत सूचना आदान-प्रदान एवं विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र कुमार जैन के नेतृत्व में शनिवार को महाराष्ट्र के परतवाड़ा में मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र के सीमावर्ती जिलों की संयुक्त बॉर्डर समन्वय बैठक में लिया गया। बैठक का उद्देश्य अंतर्राज्यीय अपराधों की रोकथाम, सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना तथा संयुक्त कार्रवाई की प्रभावी रणनीति तैयार करना था।
बैठक के दौरान दोनों राज्यों के अधिकारियों द्वारा सीमावर्ती थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संपर्क विवरण, कार्यालय एवं थाना स्तर के दूरभाष नंबर, फरार एवं इनामी अपराधियों, स्थायी वारंटियों, गिरफ्तारी वारंटियों तथा अंतर्राज्यीय अपराधियों की सूची का आदान-प्रदान किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में ऐसे मामलों में त्वरित सूचना साझा कर संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में यह निर्णय भी लिए गए
सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध संयुक्त एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र की पुलिस द्वारा नियमित रूप से संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान संचालित किए जाएंगे। गौवंश एवं अन्य पशुओं के अवैध परिवहन में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई की जाएगी। आबकारी अधिनियम के तहत ऐसे अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी जो एक राज्य से दूसरे राज्य में जाकर अवैध शराब का कारोबार करते हैं। फरार एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु संयुक्त अभियान चलाए जाएंगे तथा सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जाएगा।
संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश
नाबालिग बालिकाओं को विवाह का प्रलोभन देकर दूसरे राज्य ले जाने अथवा इस प्रकार के मामलों में तत्काल समन्वित कार्रवाई कर पीड़िताओं का पता लगाने एवं आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अंतर्राज्यीय अपराधियों, चोरी, लूट, अवैध परिवहन एवं अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतत समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी।
बैठक में यह अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में विशेष पुलिस महानिरीक्षक अमरावती परिक्षेत्र डॉ. महेश पाटिल, पुलिस उप महानिरीक्षक नर्मदापुरम रेंज वीरेन्द्र सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक अमरावती (ग्रामीण) निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक अमरावती (ग्रामीण) दत्ता तोटेवाड, पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा प्रकाश परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर प्रदीप कुमार शेंडे, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी धारणी माधवराव गरूड, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य सहित मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र के सीमावर्ती थानों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए