24 घंटे की तपस्या बदल देती है किस्मत! बागेश्वर के भद्रकाली मंदिर गुफा से जुड़ी है अनोखी मान्यता, दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है. यहां अनेक ऐसे प्राचीन मंदिर और धार्मिक स्थल हैं, जिनसे जुड़ी लोकमान्यताएं आज भी लोगों की आस्था का केंद्र बनी हुई हैं. इन्हीं में से एक बागेश्वर के कांडा क्षेत्र के पास स्थित भद्रकाली मंदिर है, जहां एक प्राकृतिक गुफा को लेकर श्रद्धालुओं के बीच विशेष मान्यता प्रचलित है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस गुफा में पूरी श्रद्धा, नियम और संयम के साथ लगातार 24 घंटे तक तपस्या करने पर मनोकामना पूरी होती है. यह एक धार्मिक और स्थानीय मान्यता है, जिसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है.
मंदिर के पुजारी नंदा वल्लभ बताते हैं कि वर्षों से श्रद्धालु इस गुफा में साधना करने आते रहे हैं. उनके अनुसार गुफा में तपस्या करने से पहले श्रद्धालु मां भद्रकाली के दर्शन करते हैं और पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामना व्यक्त करते हैं. इसके बाद श्रद्धालु गुफा में प्रवेश कर भगवान का ध्यान करते हुए निर्धारित समय तक साधना करते हैं. इस दौरान श्रद्धा, संयम और पूर्ण विश्वास के साथ तपस्या करनी चाहिए.
जब पुजारी के घर गूंजी किलकारी, सुनाया किस्सा
पुजारी नंदा वल्लभ बताते हैं कि उनका इस मान्यता पर व्यक्तिगत विश्वास भी है. उनका कहना है कि विवाह के कई वर्षों बाद संतान नहीं होने पर उनकी धर्मपत्नी ने इसी गुफा में नियमपूर्वक तपस्या की थी. इसके बाद उन्हें संतान प्राप्ति हुई. पुजारी इसे मां भद्रकाली की कृपा मानते हैं. हालांकि यह उनका व्यक्तिगत अनुभव और धार्मिक आस्था पर आधारित विश्वास है. भद्रकाली मंदिर प्राकृतिक सुंदरता के बीच स्थित है. मंदिर परिसर के आसपास घना जंगल, शांत वातावरण और प्राकृतिक गुफा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराती है. दूर-दूर से लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं. विशेष रूप से नवरात्र, अष्टमी और अन्य धार्मिक अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है.
घने जंगल के बीच मिलता है गजब का सुकून
गुफा में तपस्या करने वाले श्रद्धालु पहले मंदिर के पुजारी से पूरी विधि और नियमों की जानकारी लेते हैं. पूजा के दौरान साफ-सफाई, सात्विक भोजन, संयम और मां भद्रकाली के प्रति पूर्ण श्रद्धा रखने पर विशेष जोर दिया जाता है. श्रद्धालु मानते हैं कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना और साधना का फल अवश्य मिलता है. धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भद्रकाली मंदिर क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में गिना जाता है. यहां आने वाले श्रद्धालु केवल मनोकामना ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक अनुभव की भी तलाश में पहुंचते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की प्राचीन मान्यताएं उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक परंपरा और लोकविश्वास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो आज भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ रहे हैं.

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए
Betul Land Encroachment: सरकारी जमीन पर कब्जे का बड़ा खेल, जांच में सामने आए 27 अतिक्रमण
Outsource Employees Salary: सीएमएचओ कार्यालय पर गंभीर आरोप, सफाईकर्मियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को नहीं मिल रहा पूरा वेतन
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान