Ganj Multi Complex Betul: बैतूल के गंज कॉम्पलेक्स का बदलेगा पूरा स्वरूप, हर कारोबार के लिए होगा अलग ज़ोन
Ganj Multi Complex Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के गंज क्षेत्र में स्थित सब्जी मंडी में बन रहे मल्टी कॉम्पलेक्स में अब एक ही कतार में हर तरह की दुकानें नहीं नजर आएंगी। यहां पर अलग-अलग जोन बनाए जाएंगे। हर जोन में अलग-अलग तरह की सामग्री की दुकानें होंगी। इसके अलावा अब पहले फोकस इस बात पर किया जा रहा है कि पूरी साइट क्लियर करके एक साथ सभी दूर काम चालू किया जाए और कॉम्पलेक्स का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाएं।
गौरतलब है कि गंज मंडी कॉम्पलेक्स का निर्माण वैसे तो सालों पहले शुरू हुआ था, लेकिन इसके निर्माण में कई तरह की अड़चनें आती रहीं, जिससे आज तक भी कॉम्पलेक्स का काम पूरा नहीं हो पाया है। इन्हीं बाधाओं के चलते पहले जिस ठेकेदार को यह काम मिला था, उसके द्वारा भी हाथ खड़े कर दिए गए थे। इन्हीं सब कारणों से लंबे समय तक कॉम्पलेक्स का निर्माण कार्य भी ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। बीते साल ही 17 करोड़ रुपये के इस कॉम्पलेक्स के निर्माण कार्य को अंजाम तक पहुंचाने के लिए कार्य के रि-टेंडर किए गए। इसमें भोपाल की अनुष्का कंस्ट्रक्शन नामक फर्म ने यह कार्य हासिल किया है। फर्म द्वारा फिलहाल यह कार्य किया जा रहा है। यहां पर 6 ब्लॉकों में कुल 322 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है।
अभी तक बन चुकी हैं 44 दुकानें
दोबारा यह कार्य शुरू होने के बाद अब यहां स्थिति यह है कि एक ब्लॉक की 44 दुकानों का निर्माण हो चुका है। अभी तक यह किया जा रहा था कि एक-एक ब्लॉक का काम पूरा करने के बाद अगले ब्लॉक का काम शुरू किया जा रहा था। हालांकि इससे काम बेहद धीमी रफ्तार से चल रहा था। इससे यह कॉम्पलेक्स बनने में लंबा समय लग सकता था। यही कारण है कि अब नगर पालिका की प्लानिंग यह है कि यहां की पूरी साइट पहले क्लियर की जाए और एक साथ ही पूरा काम एक साथ करके जल्द से जल्द निर्माण का कार्य पूरा कराया जाएं।
जोन के अनुसार किया जाएगा आवंटन
सब्जी मंडी में पहले वर्षों से काबिज होकर कारोबार कर रहे 122 दुकानदार हैं। इन्हें लागत मूल्य पर दुकानें देना है और शेष दुकानों की नीलामी की जाना है। पहले दुकानों का आवंटन भी हो चुका है। हालांकि विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मंशा है कि महानगरों की तरह इस कॉम्पलेक्स में भी सामग्री की कैटेगिरी के अनुसार अलग-अलग जोन बनाए जाएं। इसलिए यहां पर अलग-अलग सामान की दुकानों को अलग-अलग दुकान आवंटित कर हर सामग्री का अलग जोन बनाया जाएगा। इसके लिए नए सिरे से दुकानों का आवंटन किया जाएगा।
लंबे समय से दुकानों का इंतजार
उल्लेखनीय है कि पहले यहां कारोबार कर रहे दुकानदारों को उम्मीद थी कि डेढ़-दो साल में यह कॉम्पलेक्स बनकर तैयार हो जाएगा और उन्हें पक्की और व्यवस्थित दुकानें मिल सकेगी। व्यवस्थित मार्केट बनने से उनका कारोबार भी अच्छा चमक उठेगा और उनकी किस्मत ही खुल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। कॉम्पलेक्स का निर्माण शुरू हुए साल पर साल बीतते जा रहे हैं और दुकानें कब तक हासिल हो सकेगी, इसका ठिकाना ही नहीं है। हालांकि अब नगर पालिका के अधिकारी जिस तरह से कॉम्पलेक्स निर्माण को लेकर मुस्तैदी दिखा रहे हैं, उससे लग रहा है कि जल्द ही इसका कार्य पूरा होकर दुकानदारों को दुकानें मिल सकेंगी।
वे बोले...
अभी तक एक-एक ब्लॉक का काम किया जा रहा था, लेकिन जल्द ही पूरी साइट क्लियर कर एक साथ पूरा काम तेजी से किया जाएगा। दुकानों का आवंटन भी फिर से कर वस्तुओं की कैटेगिरी के अनुसार अलग-अलग जोन यहां बनाए जाएंगे।
- नवनीत पांडेय, सीएमओ, नगर पालिका परिषद, बैतूल

निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ हो रहा है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Stray Cattle on Roads: बैतूल की सड़कों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा, राजगढ़ हादसे ने दी चेतावनी
Akhil Bharatiya Bhargava Sabha: देशभर के 120 प्रतिनिधियों ने बनाई रणनीति, जयपुर में होगा भार्गव सभा का वार्षिक अधिवेशन