Betul Rape Suicide Case: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। एक आरोपी शादी का झांसा देकर युवती के साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा। युवती जब गर्भवती हुई तो उसने शादी से इंकार कर दिया और गर्भपात का दबाव बनाने लगा। इससे परेशान होकर युवती ने फांसी लगातार आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस ने बताया कि बैतूल बाजार पुलिस ने एक मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी प्रदीप काकोड़िया निवासी ग्राम मेंढापानी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा शादी का भरोसा देकर मृतिका के साथ कई बार दुष्कर्म किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई। 

शादी करने से कर दिया इंकार 

मृतिका ने जब आरोपी को गर्भावस्था की जानकारी देकर विवाह करने के लिए कहा, तब आरोपी ने इससे इंकार कर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। चिकित्सकीय कारणों से गर्भपात संभव नहीं होने तथा आरोपी द्वारा कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार एवं मर जाने जैसी बातें कहे जाने से मृतिका मानसिक रूप से अत्यंत परेशान हो गई।

फांसी लगाकर कर ली थी आत्महत्या 

इसी मानसिक प्रताड़ना से व्यथित होकर मृतिका ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाकर गिरफ्तारी की गई है एवं न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरण के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।