Betul Murder Case: बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते हुई एक बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जादू-टोना करने के संदेह में दो युवकों ने अपनी बहन की बीमारी का जिम्मेदार मानते हुए एक वृद्ध की हत्या कर दी। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और त्वरित विवेचना के आधार पर हत्या में शामिल दोनों आरोपियों के साथ एक तांत्रिक को भी गिरफ्तार कर लिया है।

आठनेर पुलिस ने सनसनीखेज हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जादू-टोना करने के संदेह में दो युवकों ने एक बुजुर्ग की योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर दी थी। इस मामले में उन दोनों के साथ उस तांत्रिक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने मृतक पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर आरोपियों को भड़काया था।

पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खारपुसे के निर्देशन तथा एसडीओपी भैंसदेही श्री भूपेंद्र सिंह मौर्य के पर्यवेक्षण में आठनेर थाना पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की।

नदी पुल के नीचे मिला था बुजुर्ग का शव

पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम मांडवी स्थित नदी पुल के नीचे एक अज्ञात वृद्ध का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान ग्राम पांडुरन्ना निवासी बंसीलाल नागले के रूप में हुई। मृतक के पुत्र पंजाबराव नागले की रिपोर्ट पर देहाती मर्ग इंटीमेशन और देहाती नालसी दर्ज की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर भेजा गया।

वैज्ञानिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।

विवेचना के दौरान घटनास्थल के पास स्थित कन्या विद्यालय, मांडवी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की गई। फुटेज में विनोद नागले और उसका चचेरा भाई रवि नागले घटना के समय घटनास्थल की ओर जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या की पूरी घटना स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि उनकी बहन लंबे समय से बीमार थी और इलाज के बावजूद उसकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था। इसी कारण उन्होंने गांव में तांत्रिक क्रिया करने वाले रमेश उर्फ जंगली से संपर्क किया।

आरोपियों के अनुसार तांत्रिक रमेश उर्फ जंगली ने उन्हें बताया कि बंसीलाल नागले ने उनकी बहन पर जादू-टोना किया है, जिसकी वजह से वह लगातार बीमार रहती है। तांत्रिक की बात पर विश्वास करते हुए दोनों आरोपियों ने मृतक के प्रति रंजिश पाल ली और उसकी हत्या की योजना बना डाली। अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह में दोनों ने मिलकर बंसीलाल नागले की हत्या कर दी।

तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले का खुलासा होने के बाद आठनेर पुलिस ने हत्या में शामिल विनोद नागले, रवि नागले और तांत्रिक रमेश उर्फ जंगली को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

पुलिस टीम की सराहना

हत्या जैसे गंभीर मामले का केवल 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी करने पर पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आठनेर थाना पुलिस की सराहना की है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार, उपनिरीक्षक मांगीलाल ठाकरे, उपनिरीक्षक सुभाष भलावी, सहायक उपनिरीक्षक राममूरत वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक संतोष चौधरी, प्रधान आरक्षक पंकज बटले, प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े, आरक्षक मनीष पटेल, आरक्षक विवेक गाडगे, आरक्षक पवन एनिया, आरक्षक बीरबल मीना, आरक्षक बिप्लव मिरासे, आरक्षक दिनेश उईके तथा प्रवीण धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अंधविश्वास से दूर रहने की अपील

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जादू-टोना जैसी मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। किसी भी प्रकार के अंधविश्वास, अफवाह या संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति के खिलाफ हिंसा करना या उसकी जान लेना गंभीर अपराध है, जिसके लिए कानून में कठोर दंड का प्रावधान है।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी प्रकार का विवाद, संदेह या समस्या हो तो कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। बैतूल पुलिस ने जिलेवासियों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अंधविश्वास से दूर रहने और किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की भी अपील की है।