Instagram Love Marriage: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। इंस्टाग्राम पर १२०० किलोमीटर दूर के लड़के के साथ हुई दोस्ती और प्यार करने वाली उत्तराखंड की युवती को तमाम बाधाओं, पुलिस और न्यायालय की मुश्किलों के बाद आज अपनी मंजिल मिल गई है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद जात-पात, ऊंच-नीच, देश-परदेश देखे बिना इंस्टाग्राम दोस्त के घर पहुंची युवती का विवाह आज दोनों परिवारों की उपस्थिति में सामाजिक रीति रिवाज से संपन्न होगा। अपने प्यार को पाने घर से बिना बताए आने वाली युवती को आखिर उसकी मंजिल मिल ही गई।

इंस्टाग्राम पर हुआ था प्यार

उत्तराखंड के जिला बिजनौर के ग्राम नजीबाबाद निवासी १९ वर्षीय राधिका उर्फ रिमझिम की दोस्ती इंस्टाग्राम पर लगभग ५ महीने पूर्व पाढर के चोबराढाना निवासी सागर बामने पिता अनिल बामने (२४) से हुई थी। इंस्टाग्राम में चैटिंग करते-करते दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठे। तब राधिका ने सागर को उसे लेने हरिद्वार बुलवाया। सागर भी अपने प्यार से मिलने लगभग १२०० किलोमीटर का सफर तय कर हरिद्वार पहुंच गया और राधिका को लेकर १० मई को बैतूल आ गया। दोनों बालिग थे, अत: उन्होंने ११ मई ही आर्य समाज से बैतूल में शादी भी कर ली।

फिर हुई खाकी की एंट्री

राधिक के गांव में उसके बिना बताए चले जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने उसकी तलाश की। जब नहीं मिली तो बिजनौर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसमें लड़की को नाबालिग बताया गया। बिजनौर पुलिस युवती का पता लगाते हुए पाढर पहुंच गई और माता-पिता द्वारा नाबालिग बताए जाने से राधिक के साथ ही उसे लाने वाले सागर बामने को भी अपने साथ ले गई। बेटे को उत्तराखंड पुलिस द्वारा ले जाने से सागर के पिता अनिल बामने सहित चार-पांच परिजन भी उत्तराखंड रवाना हुए।

परिजनों के साथ जाने से इंकार

उत्तराखंड में सागर बामने को थाने में बिठा लिया गया, लेकिन युवती ने परिजनों के साथ जाने से इंकार कर दिया। युवती ने अपनी स्कूल की अंकसूची लाकर न्यायालय एवं पुलिस को दी, जिसमें उसकी उम्र 19 साल थी। युवती के बालिग होने से ११ मई को उनके द्वारा आर्य समाज बैतूल में किया गया विवाह भी वैध माना गया और राधिका को सागर और उनके परिजनों को सौंप दिया गया। लगभग १५ दिन की कार्यवाही के बाद सागर और उसके परिजन राधिका लो लेकर पाढर आ गए।

आज होगा विवाह, पिता और चाचा पहुंचे

सागर का परिवार पहले ही राधिका को बहु के रूप में स्वीकार कर चुका था। परिवार वाले आज सोमवार को सामाजिक रीति-रिवाज से सागर और रिमझिम का विवाह करेंगे। रविवार को सागर के घर मंडप का कार्यक्रम हुआ। आज सोमवार को दोनों अग्रि को साक्षी मानकर सात फेरे लेगें। रिमझिम ने अपने विवाह की सूचना माता-पिता को भी दी। रिमझिम के पिता बबलू भारद्वाज और चाचा नीतू कुमार भारद्वाज भी बेटी का कन्यादान करने सोमवार सुबह पाढर पहुंच गए। आज चोबराढाना में दोनों परिवार की उपस्थिति में विवाह समारोह आयोजित होगा।