Social Security Pension Delay: तीन महीने से अटकी पेंशन, 82 हजार से ज्यादा हितग्राहियों का टूटा सहारा
Social Security Pension Delay: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। यूं तो अब घर के पूरे महीने भर के खर्च चलाने और अपनी जरुरतों को पूरा करने के लिए 600 रुपये कोई मायने नहीं रखते। इसके बावजूद जिले भर के सवा लाख से ज्यादा सामाजिक सुरक्षा पेंशनों के हितग्राही ऐसे हैं, जिन्हें कि इस अल्प राशि से ही पूरे महीने के खर्च चलाना पड़ रहा है। इस पर भी दुबले पर आषाढ़ वाली स्थिति यह है कि यह 600 रुपये भी बीते 3 महीनों से नहीं मिल पा रही है। ऐसे में सक्षम नहीं होने के बावजूद वे रोजाना दफ्तरों के चक्कर काटते हैं और यह जानने का प्रयास करते हैं कि उनकी पेंशन आखिर कब तक आ सकेगी। इसके बावजूद उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिल पा रहा है।
आर्थिक रूप से कमजोर, दिव्यांग और जिनके परिवार में कोई भी कमाऊ सदस्य नहीं है, ऐसे लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा विभिन्न तरह की पेंशन योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन्हें हर महीने 600 रुपये की पेंशन प्रदान की जाती है। वैसे तो यह राशि महीने भर के विभिन्न खर्चों के लिए ऊंट के मुंह में जीरा समान है, लेकिन जिनकी आमदनी का और कोई भी जरिया नहीं है, उनके लिए यह राशि एक बड़ा सहारा बन जाती है। यह हितग्राही मजबूरी में ही सही जैसे-तैसे इस राशि से अपना पूरा महीना चलाते हैं। यही कारण है कि इन पेंशनरों को हर महीने पेंशन आने का बेसब्री से इंतजार रहता है ताकि वे अपने जरुरी खर्च कर सके। सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत जिले में वर्तमान में कुल 1 लाख, 29 हजार, 550 पेंशनर लाभ ले रहे हैं।
केंद्र सरकार की यह तीन योजनाएं
पेंशन की जिन योजनाओं का संचालन राज्य सरकार करती हैं, उनके लिए राज्य सरकार द्वारा राशि मुहैया कराई जाती है। इसके विपरीत जो पेंशन योजनाएं केंद्र सरकार की हैं, उनके लिए केंद्र सरकार राशि उपलब्ध कराती है। केंद्र सरकार की 3 पेंशन योजनाओं में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना शामिल हैं। इनकी राशि केंद्र सरकार द्वारा हितग्राहियों को प्रदान की जाती है।
तीन महीने से नहीं आ रही है पेंशन
केंद्र सरकार की इन तीनों योजनाओं की राशि पिछले 3 महीनों से हितग्राहियों के खातों में नहीं पहुंच रही है। इससे इन तीनों योजनाओं के 82444 हितग्राही सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। राज्य सरकार की पेंशन योजनाओं की राशि तो हर महीने पेंशनरों को मिल रही है, लेकिन केंद्र की इन तीनों योजनाओं की राशि के लिए पेंशनर तरस रहे हैं। इन पेंशनरों को मार्च महीने की अप्रैल माह में मिलने वाली पेंशन और फिर अप्रैल तथा मई महीने की पेंशन भी नहीं मिली है।
पोर्टल में चल रहे काम को बता रहे वजह
केंद्र सरकार की पेंशन योजनाओं की पेंशन राशि क्यों नहीं आ रही है, इस बारे में पेंशन योजनाओं का संचालन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी खास जानकारी नहीं है। उन्हें भी केवल इतना बताया गया है कि पेंशन पोर्टल के इंटीग्रेशन का कार्य चल रहा है। इसके चलते पेंशन नहीं ट्रांसफर हो पा रही है। यह कार्य जैसे ही पूरा हो जाएगा, वैसे ही हितग्राहियों के खाते में पेंशन ट्रांसफर कर दी जाएगी। यह कार्य कब तक पूरा होगा और राशि कब तक खातों में पहुंचने की संभावना है, उस बारे में उन्हें भी स्पष्ट जानकारी नहीं है।
कार्यालयों के चक्कर काटने मजबूर लोग
लगातार तीन महीनों से पेंशन नहीं आने से परेशान हितग्राही कभी जिला मुख्यालय पर सामाजिक न्याय विभाग के चक्कर काट रहे हैं तो कभी जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत और नगरीय निकायों के चक्कर काट रहे हैं। यहां भी उन्हें स्पष्ट और संतोषप्रद जवाब नहीं मिल रहे हैं। उनकी जरुरतों को पूरा करने के लिए यही एक सहारा था, अब वह भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में वे उनका गुजर-बसर करना ही मुश्किल हो गया है।
सीएम हेल्प लाइन का भी ले रहे सहारा
महीनों से पेंशन नहीं आने, कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलने से परेशान लोग जब दफ्तरों के चक्कर काट-काट कर त्रस्त हो चुके तो अब वे सीएम हेल्प लाइन का सहारा भी ले रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि यहां शिकायत करने से उनकी समस्या का निदान हो जाएगा। यह बात अलग है कि इसके बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिल पा रही है। उनका इंतजार लगातार लंबा ही होता जा रहा है। यही कारण है कि उन्होंने जल्द से जल्द पेंशन का भुगतान कराए जाने की गुहार लगाई है।

जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश