Illegal Colonies Development: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर की अधिसूचित की जा चुकी अवैध कॉलोनियों में विकास शुल्क वसूल करने और वहां व्याप्त गड़बड़ियों की पड़ताल करने के लिए प्रत्येक कॉलोनी में चार-चार दिन के विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने नपा सीएमओ को निर्देशित किया है। इसके बाद सीएमओ ने भी अपने अधीनस्थ अमले को इस बारे में निर्देश जारी कर शिविरों का आयोजन करने की हिदायत दी।

कलेक्टर और सीएमओ के निर्देश मिलने पर नगर पालिका अमले ने आज से ही इन शिविरों का आयोजन शुरू कर दिया है। इन शिविरों के दौरान कॉलोनी में कॉलोनाइजर द्वारा बरती एक-एक धांधली या कमी का मुआयना किया जाएगा। मापदंडों के अनुसार कॉलोनी में जगह छोड़ी गई या नहीं, सुविधाएं उपलब्ध कराई गई या नहीं, यह सभी देखा जाएगा। इसके बाद संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा नगर पालिका कर्मचारी कॉलोनी के निवासियों से भी घर-घर जाकर भेंट करेंगे। उन्हें यह समझाइश देंगे कि विकास शुल्क अदा करने पर नगर पालिका वहां पर क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी और उन्हें क्या लाभ इससे मिलेंगे। नगर पालिका की कोशिश यही है कि ज्यादा से ज्यादा शुल्क वसूल कर इन कॉलोनियों में विकास कार्यों का श्रीगणेश कर दिया जाएं।