Betul Mobile Snatching Case: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। कोतवाली बैतूल पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल झपटने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए 2 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त की गई है। 

पुलिस ने बताया कि फरियादी रितेश पिता शिवपाल धुर्वे, उम्र 22 साल, निवासी झिरना ढाना सिल्लौट ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट की कि 13 जून को अज्ञात आरोपियों द्वारा फरियादी का मोबाइल कीमती करीब 12 हजार रुपये झपटकर ले गए। इसी तरह 20 जून को फरियादी शिवप्रसाद पिता शिवलाल इवने, उम्र 23 साल, निवासी झाड़ेगांव ने रिपोर्ट की कि 18 जून को आरोपी अजय आर्य एवं उसके साथी द्वारा फरियादी का मोबाइल कीमती करीब 15 हजार 500 रुपये झपटकर ले गए। 

आरोपियों ने कबूल किया अपना जुर्म 

कोतवाली पुलिस टीम द्वारा दोनों प्रकरणों के अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की गई। नामजद आरोपी अजय उर्फ चंदू आर्य को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13 जून को ग्राम चिखलार के आगे पुलिया के पास एक व्यक्ति से ओप्पो कंपनी का मोबाइल झपटा था। वहीं 18 जून को कोसमी जोड़ बैतूल के पास अमन उर्फ एक्सल के साथ मिलकर एक व्यक्ति से वीवो कंपनी का मोबाइल झपटा था। 

आरोपियों को किया गया गिरफ्तार 

इस पर आरोपी अजय आर्य से ओप्पो-वीवो कंपनी के दोनों मोबाइल एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल विधिवत जप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। तत्पश्चात आरोपी अमन उर्फ एक्शल को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी और बरामद माल 

पुलिस ने इस मामले में अजय आर्य उर्फ चंदू पिता संदीप, उम्र 25 साल, निवासी जयप्रकाश वार्ड सदर बैतूल और अमन राज उर्फ एक्शल पिता जॉर्ज राज, उम्र 23 साल, निवासी जयप्रकाश वार्ड सदर बैतूल को गिरफ्तार किया है। उनके पास से वीवो कंपनी का मोबाइल कीमत 15,500 रुपये, ओप्पो कंपनी का मोबाइल कीमत करीब 12,000 रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल इस तरह कुल 27,500 रुपये का माल बरामद किया गया है।