Betul Farmer Robbery: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिले में ऐसा लगता नहीं कि बदमाशों और चोर-लुटेरों पर पुलिस की जरा भी कोई दहशत है। बेखौफी की आलम यह है कि अब वे पुलिस थानों और चौकियों के पास भी लूटपाट को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। ऐसी ही एक घटना में समीपी ग्राम खेड़ी सांवलीगढ़ में पुलिस चौकी के पास 2 किसानों से लूट की घटना हो गई। हालांकि शिकायत पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 3 आरोपियों को दूसरे ही दिन गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस ने बताया कि 18-19 जून की रात्रि करीब 1 बजे फरियादी भीमराव उइके निवासी चीचढाना अपने साथी सूरत के साथ खाद का पंजीकरण कराकर वापस घर जा रहे थे। खेड़ी में वन विभाग के बैरियर (जो कि पुलिस चौकी से चंद कदम ही दूर है) के सामने अज्ञात मोटर साइकिल से आए तीन आरोपियों ने दोनों किसानों को डरा-धमकाकर उनके पास रखे नगद लगभग 65 हजार रुपये व एक मोबाइल लूट लिया। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 309, 311, 296, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

एक दिन में उड़ाए 50 हजार रुपये 

कोतवाली पुलिस द्वारा घटना के दूसरे दिन ही तकनीकी साक्ष्य की सहायता से आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने घटना करना स्वीकार किया। आरोपियों से फरियादी का लूटा हुआ मोबाइल व खर्च के उपरांत बची शेष राशि 5500 रुपये नकद जब्त कर मामले का खुलासा करने में सफलता प्राप्त की गई।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार 

पुलिस ने इस मामले में अमन राज एक्सल उम्र 23 साल निवासी जयप्रकाश वार्ड गंज बैतूल, शिवा वाडिवा उम्र 23 साल निवासी ग्राम किल्लोद थाना गंज बैतूल और शुभम सरनेकर उम्र 23 साल निवासी धनोरा थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से फरियादी का लूटा हुआ मोबाइल  और नकदी 5500 रुपये जब्त किया गया है। 

इनकी रही सराहनीय भूमिका 

प्रकरण का खुलासा करने में सराहनीय भूमिका निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक राकेश सरयाम, प्रधान आरक्षक शिव उइके, नानक राम, अजय उइके, आरक्षक नितिन चौहान, रोहित, ओंकार की रही।