Betul Knife Attack: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में पत्नी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। 

पुलिस ने बताया कि फरियादी श्यामा पिता किसना देवरे, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम धाबला, थाना सांईखेड़ा द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 20 जून की रात्रि लगभग 8.30 बजे आरोपी लालू धुर्वे ने अपनी पत्नी के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने की बात को लेकर नाराज होकर आनंदराव बारस्कर पर जान से मारने की नीयत से पीछे से लोहे के चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने आहत के गर्दन के दाहिने हिस्से एवं पीठ पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

आरोपी को किया पुलिस ने गिरफ्तार 

रिपोर्ट के आधार पर थाना सांईखेड़ा में धारा 109(1), 296(बी) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना साईंखेड़ा पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लालू धुर्वे को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तारी में इनकी रही भूमिका 

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी साईंखेड़ा भैयालाल उईके, प्रधान आरक्षक विनय जायसवाल, प्रधान आरक्षक दिलीप झरबड़े, प्रधान आरक्षक राजकुमार धुर्वे, प्रधान आरक्षक देवेंद्र ठाकुर, आरक्षक बबलू धुर्वे, आरक्षक विनोद साहू, सैनिक प्रदीप, सैनिक शशि पवार एवं प्रधान आरक्षक चालक रविन्द्र नागले की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।