Chicholi Teacher Attachment: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जनजातीय कार्य विभाग में कमिश्रर के सख्त निर्देश के बावजूद शिक्षकों को लंबे समय तक अटैच   कर मनचाहे स्थान पर पदस्थ करने का खेल चल रहा है। विगत दिनों राष्ट्रीय जनादेश में अटैचमेंट के नाम पर चिचोली ब्लॉक में चल रहे खेल का समाचार प्रकाशित होने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ 15 शिक्षकों का अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें मूल पदस्थ संस्था में भेज दिया है। 15 शिक्षकों का अटैचमेंट समाप्त होने के बावजूद ब्लॉक में अभी भी शत प्रतिशत अटैचमेंट समाप्त नहीं हुआ है। ब्लॉक के कुछ शिक्षक अभी भी दूसरी संस्थाओं में अटैच हैं। बीईओ द्वारा इन शिक्षकों के अटैचमेंट में एसी कार्यालय का हवाला दिया जा रहा है। 

आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश द्वारा किसी भी शिक्षक को अन्यत्र संस्थाओं में अटैच नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद चिचोली विकासखंड में दर्जन भर से अधिक शिक्षक लंबे समय से ब्लॉक मुख्यालय या फिर सड़क किनारे के गांव के स्कूलों में अटैच थे। दैनिक राष्ट्रीय जनादेश द्वारा 31 मई के अंक में 'चिचोली ब्लॉक में रूक नहीं रहा शिक्षकों के अटैचमेंट का खेलÓ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। उक्त समाचार प्रकाशित होने के बाद चिचोली बीईओ द्वारा आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश के दिनांक 10 दिसंबर 2024 के और कलेक्टर बैतूल द्वारा दिए गए निर्देशों के साथ ही सहायक आयुक्त बैतूल के 4 जून 2026 को दिए गए मौखिक निर्देश का हवाला देते हुए ब्लॉक के 15 शिक्षकों का अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें मूल पदस्थ शाला में वापस भेज दिया है। अटैच शिक्षकों में दो शिक्षक तहसील कार्यालय चिचोली, एक बीईओ ऑफिस चिचोली में और दो शिक्षक जन शिक्षा केंद्र में अटैच थे। शेष 10 शिक्षक ग्रामीण अंचलों के स्कूलों में पदस्थ थे, लेकिन उन्हें सड़क किनारे बसे गांवों के स्कूलों में अटैच किया गया था। 

इन शिक्षकों को भेजा मूल संस्थाओं में

विकासखंड शिक्षा अधिकारी चिचोली द्वारा जारी आदेश में प्राथमिक शिक्षकों में धरमदास उइके को प्राथमिक शाला जामनगरी से मूल पदस्थ संस्था एकीकृत माध्यमिक शाला बालाडोंगरी, रामस्वरूप पांसे को प्राथमिक शाला अजई से प्राथमिक शाला कोरकूढाना, जयसिंग भलावी को प्राथमिक शाला दरियावगंज से प्राथमिक शाला टांडा, संतोष कुमार सेलूकर को प्रभारी प्राचार्य झिरियाडोह से प्राथमिक शाला डोकरूभुरू, मालती उइके असाड़ी से परसदा, आरती शुक्ला को बीईओ कार्यालय चिचोली से प्राथमिक शाला झिरियाडोह, इमरत धुर्वे को महोनपुरा से डूडापीपल, सुनील कुमार वागद्रे जनशिक्षक चिरापाटला को प्राथमिक शाला टाढर, अजय मालवी सहायक शिक्षक को जनशिक्षक नसीराबाद से प्राथमिक शाला दूधिया, प्राथमिक शिक्षकों में कमलेश कुमरे को बोड़ रैयत से गवलीढाना, अकलेश करछले को टाढर से डोलजाम, कृष्णा लोखंडे को तहसील कार्यालय चिचोली से प्राथमिक शाला सोनपुर खापा, श्याम यादव को तहसील कार्यालय चिचोली से प्राथमिक शाला जामठी, माध्यमिक शिक्षकों में योगेंद्र सूर्यवंशी को तहसील कार्यालय चिचोली से हायर सेकेंडरी स्कूल पाटाखेड़ा और गीता आर्य को माध्यमिक शाला पाटाखेड़ा से माध्यमिक शाला नहरपुर मूल पदस्थ संस्था में वापस भेज दिया गया है। संबंधित शिक्षकों को आगामी माह का वेतन मूल पदस्थ संस्था से ही आहरित करने के निर्देश दिए गए हैं। 

अभी भी अटैच हैं शिक्षक 

चिचोली बीईओ द्वारा 15 शिक्षकों का अटैचमेंट समाप्त करने के बावजूद ब्लॉक में कुछ शिक्षक अभी भी दूसरे स्कूल में अटैच हैं। शत प्रतिशत अटैचमेंट नहीं करने पर चिचोली बीईओ ज्वालाप्रसाद प्रजापति का कहना है कि उन्होंने सभी शिक्षकों का अटैचमेंट समाप्त कर दिया है। अब यदि कोई शिक्षक अटैच है तो वे सहायक आयुक्त के निर्देश पर ही अटैच हैं। इसके लिए आप सहायक आयुक्त से बात कर लें।