Betul Mandi Sanitation: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। अपनी उपज बेचने जिले भर से कृषि उपज मंडी बैतूल आने वाले अन्नदाताओं का स्वागत मंडी गेट पर गटर के पानी से हो रहा है। मंडी में प्रवेश गेट से अंदर आते ही पूरी सड़क पर नाली का गंदा पानी बह रहा है। सड़क के नीचे अंडरग्राउंड नाली भी बनी है, लेकिन महीनों से इन नालियों की सफाई नहीं होने से नालियां पूरी तरह भर गई हैं। प्रवेश द्वार के साथ ही पूरे मंडी परिसर में भी गंदगी के अंबार लगे हुए हैं, लेकिन सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने वाले मंडी प्रबंधन को यह दिखाई नहीं दे रहा है। मंडी के जिम्मेदार अधिकारी भी प्रतिदिन इसी गंदे पानी से आना-जाना करते हैं। बावजूद इसके किसी का ध्यान इस ओर नहीं है। 

कृषि उपज मंडी बैतूल में सफाई के नाम पर प्रति माह लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके एवज में साफ-सफाई हो रही है या नहीं, इस पर नजर रखने की जिम्मेदारी मंडी प्रबंधन की है। लेकिन, मंडी के अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। हालात यह है कि मंडी गेट के पास मुख्य प्रवेश मार्ग के दोनों साइड नालियां कचरे से ठंसाठस भर गई हैं। देखकर लगता है कि इन नालियों की वर्षों से साफ-सफाई नहीं हुई है। सड़क के नीचे अंडरग्राउंड नाली भी बनी हुई है, लेकिन उसकी सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता है। लगातार गंदा पानी बहने से प्रवेश द्वार के सामने बड़ा गड्ढा ही बन गया है, जिसमें गटर का पानी भरा हुआ है। 

सफाई ठेकेदार का ठेका समाप्त 

कृषि उपज मंडी बैतूल के सचिव ने बताया कि मंडी में सफाई का ठेका भोपाल की फर्म को दिया गया था। मंडी बोर्ड ने अब आउटसोर्स से सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए हैं, जिससे 31 मई से सफाई ठेकेदार का ठेका समाप्त कर दिया है। अब आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। वर्तमान में स्थानीय स्तर पर व्यवस्था कर रहे हैं। इसलिए पर्याप्त सफाई नहीं हो पा रही है। 

संकरी नाली होने से आ रही परेशानी

नियमित साफ-सफाई नहीं होने के साथ ही मंडी गेट के पास बनी नाली भी काफी संकरी है। मंडी सचिव श्री परते ने बताया कि पूर्व में निर्माण कार्य के दौरान लगभग एक फीट चौड़ी नाली बनाई गई थी, वहीं मुख्य गेट के नीचे भी लगभग एक फीट का पाइप है जिससे उसमें कचरा, पन्नी आदि जमा होने के कारण चोक हो गया है। हमने मंडी बोर्ड को चौड़ी नाली बनाने का प्रस्ताव भी दिया है। फिर भी आउटसोर्स कर्मचारियों के आने के पूर्व स्थानीय स्तर पर व्यवस्था कर साफ-सफाई करने का प्रयास करेंगे।