Betul Loot Case: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिला पुलिस इन दिनों किसी अपराध के होने पर केवल मोहरों को ही गिरफ्तार नहीं कर रही है बल्कि अपराध करवाने वाले तक भी पहुंचने का प्रयास कर रही है। ऐसे ही एक और प्रयास में पुलिस ने पिछले दिनों हुई 9 लाख रुपये की लूट के मामले में उस आरोपी को भी धरदबोचा है, जिसने पूरी जानकारी लुटेरों तक पहुंचाई थी। लुटेरों का यह मुखबिर और कोई नहीं बल्कि पीड़ित का पड़ोसी दुकानदार ही निकला। 

पुलिस ने बताया कि मुखबिरी कर लूट की इस वारदात को अंजाम दिलवाने के मामले में आरोपी सुशील पिता मदन यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम हतनोरा, थाना बोरदेही को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। फरियादी विक्की साहू की दुकान के समीप ही सुशील यादव की कृषि उपकरण की दुकान है। पुलिस के मुताबिक 20 मई को उसने फरियादी विक्की साहू एवं पीड़ित प्रदीप झरबड़े के बीच हुई बातचीत सुन ली थी। बातचीत के दौरान प्रदीप झरबड़े द्वारा आमला जाकर बैंक से बड़ी राशि निकालने की जानकारी आरोपी को प्राप्त हुई।

बदमाशों को दे दी थी पूरी जानकारी 

आरोपी ने पीड़ित की पहचान, हुलिया, मोटर साइकिल तथा बैंक से राशि निकालने संबंधी सभी जानकारी फोन के माध्यम से मुख्य आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने को उपलब्ध कराई। इसी सूचना के आधार पर देवा एवं उसके साथियों ने पीड़ित का पीछा कर योजनाबद्ध तरीके से लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

पहले इन्हें किया जा चुका गिरफ्तार 

इस मामले में पुलिस ने पहले रामकुमार उर्फ मोहित पिता मदन यदुवंशी उम्र 18 वर्ष 5 माह निवासी नवेगांव, गोविंद पिता दुर्गेश टांडेकर उम्र 19 वर्ष निवासी नवेगांव, शिवराम उर्फ नान्हू पिता मंगलू बन उम्र 20 वर्ष निवासी गोरखपुर, थाना नवेगांव, दुर्गेश पिता खज्जू सोनवंशी उम्र 22 वर्ष निवासी गोरखपुर, थाना नवेगांव और कमलेश उर्फ मनीष पिता रघुनाथ यदुवंशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी बिंदरई, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा को गिरफ्तार किया था। 

मुख्य आरोपी देवानंद अभी फरार  

लूट का मुख्य आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने पिता शिवसिंह इवने, निवासी घाना उमरी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा घटना के दिन से फरार है। उसकी गिरफ्तारी एवं शेष लूटी गई राशि की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा 10 हजार के इनाम की घोषणा की गई है। आरोपी पर मुलताई, बोरदेही, नवेगांव थाना में कई अपराध दर्ज हैं। वह थाना नवेगांव का निगरानी बदमाश भी है।