Betul Municipal Tax Collection: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर पालिका की वसूली का लक्ष्य इस बार और बढ़ गया है। इस साल नगर पालिका शहरवासियों की जेब से 14 करोड़ से ज्यादा की राशि निकालेगी। वसूली का यह लक्ष्य बीते साल से करीब 3 करोड़ रुपये ज्यादा है। बीते साल लक्ष्य से कम वसूली होने और शहर में प्रॉपर्टी बढ़ने से इस बार भी हमेशा की तरह लक्ष्य बढ़ा है। 

नपा की राजस्व शाखा पर वसूली का पूरा दारोमदार होता है। वित्त वर्ष समाप्त होने के बाद नगर पालिका की राजस्व शाखा सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों से उनके क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मदों की संभावित आय की जानकारी एकत्रित कर नए वित्त वर्ष के लिए वसूली का लक्ष्य बनाती है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भी नगर पालिका ने लक्ष्य तय कर लिया है।

इस साल नगर पालिका ने रिकॉर्ड वसूली की थी। इसके बावजूद शत-प्रतिशत वसूली नहीं हो पाती है। यही कारण है कि जो राशि वसूल नहीं हो पाती है, वह अगले वित्त वर्ष में वसूली के लिए शामिल कर ली जाती है। इसके अलावा संपत्तियां और उपभोक्ता भी बढ़ते हैं, जिनसे वसूली की जाती है। इन्हीं कारणों से हर साल वसूली का लक्ष्य भी बढ़ता जाता है। इस साल भी वही स्थिति बनी है। 

इस साल कुल और चालू वर्ष की मांग

इस साल नपा की कुल डिमांड 14 करोड़, 3 लाख, 75 हजार, 173 रुपये हैं। बीते साल कुल मांग का आंकड़ा 11 करोड़ के लगभग था। यदि बकाया छोड़ दें और केवल चालू वर्ष की मांग की आंकड़ा देखे तो यह 7 करोड़, 87 लाख, 25 हजार, 289 रुपये हैं। जाहिर है कि कुल वसूली में आधी से कुछ ही कम 6 करोड़, 16 लाख, 49 हजार, 384 रुपये की राशि पुराने सालों की बकाया राशि है। 

संपत्ति कर और जल शुल्क करेंगे मालामाल 

इस साल कुल वसूली का जो लक्ष्य है उसमें सबसे ज्यादा राशि संपत्ति कर के जरिए वसूल की जाएगी। संपत्ति कर के रूप में 5 करोड़, 18 लाख, 98 हजार, 51 रुपये वसूल करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके अलावा जल शुल्क के रूप में 4 करोड़, 10 लाख, 43 हजार, 672 रुपये वसूल करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं सबसे कम राशि सामान्य जल कर के रूप में मात्र 9 लाख, 80 हजार, 413 रुपये वसूलने का लक्ष्य है। जाहिर है कि संपत्ति कर और जल शुल्क ही नपा को मालामाल कर देंगे। 

शेष करों की इतनी की जाएगी वसूली 

इनके अलावा नगर पालिका और भी कई करों की वसूली करती है। समेकित कर के रूप में 1 करोड़, 5 लाख, 22 हजार, 503 रुपये, दुकान-भवन भूमि किराया के रूप में 91 लाख, 59 हजार, 21 रुपये, शिक्षा उपकर के रूप में 1 करोड़, 24 लाख, 69 हजार, 102 रुपये और नगरीय विकास उपकर के रूप में 1 करोड़, 43 लाख, 2 हजार, 411 रुपये वसूल किए जाने का लक्ष्य नपा ने इस साल रखा है। 

पहले माह में वसूली की यह स्थिति 

नगर पालिका ने वसूली का भारी भरकम लक्ष्य तय तो कर लिया है, लेकिन वित्त वर्ष के पहले माह अप्रैल में वसूली ने खास तेजी नहीं पकड़ी है। वैसे भी नगर पालिका की वसूली आखरी के कुछ महीनों में ही जोर पकड़ती है। इसके अलावा अधिभार से छूट पाने के लिए लोग भी लोक अदालतों का इंतजार करते हैं। यही कारण है कि अप्रैल महीने में नगर पालिका की वसूली केवल 49 लाख, 44 हजार, 504 रुपये ही हो सकी है। यह कुल वसूली का केवल 4 प्रतिशत ही है।