Amla Robbery Case: फिल्मी अंदाज में 9 लाख की लूट: पीछा किया, मिर्च फेंकी और चाकू दिखाकर फरार हुए बदमाश
Amla Robbery Case: आमला (राष्ट्रीय जनादेश)। बोरदेही थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकाल कर जा रहे एक व्यक्ति से 9 लाख रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन आरोपियों ने पीछा कर पहले पीड़ित की आंखों में मिर्च झोंक दी फिर उसकी मोटर साइकिल गिरा दी। इसके बाद चाकू अड़ाकर रुपये लूट लिए। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को धर दबोचा है। घटना का मास्टर माइंड अभी फरार है। उस पर पुलिस ने इनाम घोषित किया है।
पुलिस ने बताया कि 20 मई को फरियादी प्रदीप झरबड़े आईसीआईसीआई बैंक आमला से अपने सेठ विक्की साहू के 9 लाख रुपये नकद निकालकर मोटर साइकिल से बोरदेही जा रहा था। इसी दौरान एक मोटर साइकिल पर सवार 3 अज्ञात व्यक्तियों ने उसका पीछा किया और ग्राम नरेरा एवं देहलवाड़ा के बीच सुनसान मार्ग पर उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर उसे मोटर साइकिल से गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू अड़ाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना में फरियादी को मामूली चोटें भी आई थीं। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में रामकुमार उर्फ मोहित पिता मदन यदुवंशी उम्र 18 वर्ष 5 माह और गोविंद पिता दुर्गेश टांडेकर उम्र 19 वर्ष निवासी नवेगांव जिला छिंदवाड़ा, शिवराम उर्फ नान्हू पिता मंगलू बन, उम्र 20 वर्ष और दुर्गेश पिता खज्जू सोनवंशी, उम्र 22 वर्ष, निवासी गोरखपुर, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा तथा कमलेश उर्फ मनीष पिता रघुनाथ यदुवंशी उम्र 26 वर्ष निवासी बिंदरई थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने 60 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल और लूट की राशि से खरीदी गई 2 मोटर साइकिलें जष्टत की है।
मास्टर माइंड पर इनाम किया घोषित
प्रकरण का मुख्य आरोपी देवानंद पिता शिवसिंह इवने, निवासी घाना उमरी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा घटना दिनांक से फरार है, जिसकी तलाश एवं शेष राशि की बरामदगी हेतु पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। मुख्य आरोपी देवानंद पिता शिव सिंह के विरुद्ध थाना मुलताई में हत्या एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में, थाना बोरदेही में चोरी, नकबजनी एवं थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा में चोरी, लूट एवं जुआ एक्ट के तहत विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी थाना नवेगांव का निगरानी बदमाश भी है।
पुलिस अधीक्षक ने की सराहना
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने इस गंभीर लूट प्रकरण का त्वरित एवं सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की है। वहीं आम नागरिकों से अपील की है कि बड़ी नकद राशि लेकर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें। बैंक से अधिक राशि निकालने की स्थिति में संभव हो तो अन्य व्यक्ति को साथ रखें तथा संदिग्ध व्यक्तियों या वाहनों द्वारा पीछा किए जाने की आशंका होने पर तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को सूचना दें।

संसद परिसर में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल; अमित शाह पर निशाना
कागजों में किसान, हकीकत में कोई और ले गया खाद; दावों पर उठे सवाल
अनुराग डोभाल ने रिश्ते को लेकर किया सनसनीखेज दावा, सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित सबूत
श्रेयस अय्यर ने पहली जीत का क्रेडिट वीवीएस लक्ष्मण को सौंपा, ड्रेसिंग रूम में की खुलकर तारीफ
पैसों के विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी से पीटकर युवक की हत्या