Betul Rain and Hailstorm: नौतपा में मौसम का यू-टर्न: बैतूल में 10 मिनट तक बरसे ओले, झमाझम बारिश से मिली राहत
Betul Rain and Hailstorm: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बैतूल जिला मुख्यालय पर प्री-मानसून की झमाझम बारिश आखिर आज हो ही गई। केवल बारिश ही नहीं बल्कि लगभग 10 मिनट तक जमकर ओले भी बरसे। बारिश होने और ओले बरसने से मौसम काफी खुशगवार हो गया है। मौसम में ठंडक घुल गई है। जिले के अन्य कई क्षेत्रों में भी मौसम में आज बदलाव आया और कई इलाकों में बारिश हुई है। वहीं भीमपुर क्षेत्र में आंधी-तूफान के साथ हुई तेज बारिश ने खासा नुकसान भी पहुंचाया है।
आज वैसे तो नौतपा का आठवां दिन है और नौतपा भीषण गर्मी के लिए मशहूर रहता है, लेकिन जिले में नौतपा के दौरान बारिश हो रही है। जिला मुख्यालय पर वैसे तो रविवार सुबह भी बारिश हुई थी, लेकिन वह बारिश थोड़ी ही देर हुई और फिर तेज धूप निकलने से राहत महसूस नहीं हुई। लेकिन, आज आए मौसम के बदलाव ने खासी राहत शहरवासियों को दी है। आज दोपहर करीब 2 बजे से बैतूल शहर में तेज बारिश होना शुरू हुई। इस बीच लगभग पौन घंटे तक काफी तेज बारिश होती रही।
केवल बारिश ही नहीं हुई बल्कि ओलावृष्टि भी शहर में हुई। लगभग 10 मिनट तक बेर के आकार के ओले शहर में बरसते रहे। सोमवार को शहर में 19.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। जिला मुख्यालय पर हुई झमाझम बारिश से मौसम काफी खुशगवार हो गया। तापमान में भी खासी कमी आई, जिससे तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली। वातावरण में काफी ठंडक घुल गई। बारिश और ओलावृष्टि के साथ-साथ तेज हवा भी चली। इससे बैतूल गंज थाना के गेट पर लगा बोर्ड भी काफी झुक गया। मौसम विभाग ने आगामी 2, 3, 4 और 6 जून को भी बारिश होने की संभावना जताई है।
तापमान गिरकर पहुंचा 36.5 डिग्री पर
बदले मौसम से तापमान में काफी गिरावट आई है। सोमवार को नौतपा के आठवें दिन अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले 31 मई को नौतपा के सातवें दिन तापमान 37.7 और 22 डिग्री सेल्सियस था। नौतपा के दौरान 28 मई को सबसे ज्यादा 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान था।
भीमपुर क्षेत्र में पहुंचाया भारी नुकसान
बारिश और आंधी ने भीमपुर क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचाया है। हमारे नांदा संवाददाता के अनुसार चिखली बक्का में भारी बारिश हुई है। इसके अलावा वन ग्राम निशाना, पीपलढाना, इमलीडोह, गुराड़िया, नांदा, गदाखार, पाठ, बेला, बुगदी में तेज हवा चलने से टीन उड़ गए। वहीं मूंग की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा। आंधी से आम और जामुन की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
सारणी-घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में भी बूंदाबांदी
सारणी और घोड़ाडोंगरी संवाददाता के अनुसार सारणी, बगडोना, पाथाखेड़ा और घोड़ाडोंगरी में भी बारिश का मौसम बना था। तेज हवाएं भी चलती रही वहीं बूंदाबांदी हुई है। शाहपुर संवाददाता के अनुसार शाहपुर क्षेत्र में आसमान में बादल छाए रहे। वहीं दोपहर 3 बजे से तेज हवाएं चलने लगी थी।
आमला-खेड़ली बाजार में हल्की बारिश
आमला और खेड़ली बाजार क्षेत्र में भी मौसम में बदलाव देखा गया। आमला संवाददाता के अनुसार दोपहर 12 बजे हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे मौसम ठंडा हो गया। शाम के समय एक बार फिर बूंदाबादी शुरू हो गई। खेड़ली बाजार संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में दोपहर बाद आसमान पर बादल छा गए। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए