Attachment Controversy: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जनजातीय कार्य विभाग में कमिश्रर के सख्त निर्देश के बावजूद शिक्षकों के अटैचमेंट रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अटैचमेंट को लेकर सहायक आयुक्त एवं बीईओ नूरा कुश्ती खेल रहे हैं। सहायक आयुक्त का कहना है कि उन्होंने ८ दिन पहले ही सभी बीईओ को अटैचमेंट समाप्त करने के निर्देश दे दिए हैं। वहीं बीईओ का कहना है कि ब्लॉक में जो भी अटैचमेंट हैं, वे वरिष्ठ कार्यालय जनजातीय कार्य विभाग के आदेश पर किए गए हैं।

सहायक आयुक्त एवं बीईओ की नूरा कुश्ती में अटैचमेंट का गोरखधंधा फल-फूल रहा है। चिचोली ब्लॉक में यह खेल लंबे समय से चल रहा है। ब्लॉक की माध्यमिक शाला नहरपुर में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक को लंबे समय से माध्यमिक शाला पाटाखेड़ा में अटैच किया गया हैं वहीं माध्यमिक शाला चिचोली में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक को माध्यमिक शाला नहरपुर में अटैच कर दिया है। अटैचमेंट पूरी तरह समाप्त करने के सख्त निर्देश होने के बावजूद चिचोली ब्लॉक में अटैचमेंट कर मनचाही जगह नौकरी करने की खूली छूट मिली हुई है।

जनजातीय कार्य विभाग में अटैचमेंट के नाम पर शिक्षकों को मनचाही जगह पदस्थ करने का गोरखधंधा लंबे समय से चल रहा है। शिक्षकों के अटैचमेंट से शैक्षणिक कार्य पूरी तरह बाधित हो जाते हैं। शासन द्वारा अटैचमेंट पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश दिए गए हंै। जिसमें शिक्षकों के अटैचमेंट पर तो सख्त मनाही है। शासन द्वारा ब्लॉक में अटैचमेंट पाए जाने पर बीईओ पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शासन के निर्देश की अवहेलना कर अटैचमेंट किए जा रहे हंै।

चिचोली ब्लॉक की माध्यमिक शाला नहरपुर में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक श्रीमती गीता आर्य को लंबे समय से माध्यमिक शाला पाटाखेड़ा में अटैच किया गया है। नहरपुर में शिक्षकों की कमी आने पर माध्यमिक शाला चिचोली के माध्यमिक शिक्षक आदित्य आर्य को चिचोली बीईओ कार्यालय से जारी आदेश अनुसार २८ मार्च २०२६ से माध्यमिक शाला नहरपुर में अटैच कर दिया गया है। इसके साथ चिचोली ब्लॉक में लगभग आधा दर्जन कर्मचारियों के अटैचमेंट की जानकारी है। अटैचमेंट को लेकर बीईओ और सहायक आयुक्त दोनों ही पल्ला झाड़ रहे हंै।

इनका कहना...

सभी बीईओ को उनके ब्लॉक में शिक्षकों का अटैचमेंट पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश ८ दिन पहले ही दे दिए हैं। अटैचमेंट समाप्त करना बीईओ की जिम्मेदारी है। यदि चिचोली ब्लॉक में शिक्षक अटैच है, तो मैं जानकारी लेता हूं।
विवेक पांडे
सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, बैतूल

मैं 5 माह पूर्व ही पदस्थ हुआ हूं। मैंने मेरे कार्यकाल में किसी का अटैचमेंट नहीं किया है। यदि किसी शिक्षक का अटैचमेंट है भी तो वह वरिष्ठ कार्यालय के आदेश पर किया होगा। मेरी जानकारी में ब्लॉक में कोई भी शिक्षक वर्तमान में अटैच नहीं हैं।
ज्वालाप्रसाद प्रजापति
सीईओ, चिचोली