Betul Infrastructure: बैतूल। शहर के विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नगरपालिका क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने सभी प्रमुख परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

जमीन आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर जोर

बैठक में जिला जेल की भूमि को मल्टीलेवल पार्किंग और गार्डन निर्माण के लिए नगरपालिका को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि भूमि आवंटन के लिए आरसीएमएस पोर्टल पर आवेदन किया जा चुका है। इस पर विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और आगे की कार्रवाई शुरू की जाए।

बस स्टैंड स्थानांतरण और बाजार व्यवस्था पर चर्चा

बेल बाजार क्षेत्र में बस स्टैंड स्थानांतरित करने की संभावनाओं पर भी विस्तार से विचार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित अंडरब्रिज बनने के बाद बसों का आवागमन शहर के अंदर प्रवेश किए बिना संभव हो सकेगा। विधायक ने वर्तमान बस स्टैंड परिसर में सब्जी और फल बाजार को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

आईएसबीटी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा

तितली चौराहा के पास प्रस्तावित आईएसबीटी परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। विधायक ने संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक बार अतिक्रमण हटने के बाद दोबारा कब्जा न हो। इसके लिए आवश्यक स्थानों पर व्यवस्थित डिस्प्ले और सूचना बोर्ड लगाने को कहा गया। वहीं बडोरा मंडी के विकास के लिए मंडी बोर्ड के साथ समन्वय स्थापित कर योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

कॉम्प्लेक्स निर्माण और पट्टा वितरण पर जोर

गंज मंडी और अभिनंदन सरोवर कॉम्प्लेक्स से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विधायक ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लेकिन अब तक वंचित परिवारों को पट्टे उपलब्ध कराने के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।

क्रिकेट स्टेडियम, गीताभवन और फायर स्टेशन की समीक्षा

गोठाना में करीब 9.5 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम के प्लान पर भी चर्चा की गई। विधायक ने स्टेडियम निर्माण, पहुंच मार्ग और पार्किंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही फायर स्टेशन और गीताभवन के लिए भूमि आवंटन की स्थिति की समीक्षा की गई। गीताभवन परिसर में स्ट्रीट फूड जोन, फूड कोर्ट और अन्य बहुउद्देश्यीय गतिविधियों को शामिल करते हुए योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

दिव्यांग पार्क और अभिनंदन सरोवर के विकास पर फोकस

बैठक में डीडीआरसी और दिव्यांग पार्क की प्रस्तावित योजना पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समग्र योजना बनाई जाए। साथ ही अभिनंदन सरोवर के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

जलापूर्ति और नगर निगम गठन पर भी चर्चा

शहर की जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के दौरान विधायक ने लाखापुर से बैतूल तक विभिन्न डैम प्रस्तावित करने के निर्देश दिए, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ भविष्य में पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सके। ताप्ती बैराज पर इंटेकवेल निर्माण, 22 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और बैराज मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

बैठक में बैतूल नगर निगम के गठन की दिशा में चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाते हुए आगे की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडे, एसडीओपी सुनील लाटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।