Betul Jewelry Theft Case: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बैतूल कोतवाली पुलिस ने जेवर चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इसमें जेवर चुराने वाले आरोपी के अलावा जेवर बेचने वाली महिला और सराफा दुकान के संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से 2 सोने के मंगलसूत्र, एप्पल मोबाइल व 5 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। 

पुलिस ने बताया कि 26 मई को कंपनी गार्डन निवासी नीलम खान ने रिपोर्ट की कि 13 मईं को उन्होंने अपने दो सोने के मंगलसूत्र व अन्य जेवर घर की अलमारी के बिना ताले वाले लॉकर में रखे थे। 23 मई को शाम करीब 4.30 बजे लॉकर जांचने पर दोनों मंगलसूत्र गायब मिले। फरियादिया को जेठ के लड़के शाकिब पर संदेह था, जिसका घर में अक्सर आना-जाना था।

विवेचना के दौरान संदिग्ध शाकिब पठान से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने अलमारी से 2 सोने के मंगलसूत्र चोरी कर मोहल्ले की महिला अंजू उर्फ अजरा खान को बेचने के लिए दिए थे। अंजू ने दोनों मंगलसूत्र कोठी बाजार स्थित श्याम ज्वेलर्स के संचालक धनराज सोनी को 1 लाख, 70 हजार रुपये में बेच दिए और राशि शाकिब को दे दी।

मिले रुपये से किया यह सब 

शाकिब ने उक्त राशि में से 40 हजार रुपये का एप्पल कंपनी का मोबाइल खरीदा तथा 5 हजार रुपये पास रखे थे, जिसे उसने पेश किया। शेष राशि दोस्तों के साथ खाने-पीने में खर्च कर दी। आरोपी शाकिब से एप्पल मोबाइल व 5 हजार रुपये नकद जप्त किए गए।

दुकानदार से मंगलसूत्र जब्त 

अंजू उर्फ अजरा खान से पूछताछ पर उसने धनराज सोनी को 2 मंगलसूत्र 1 लाख, 70 हजार रुपये में बेचना स्वीकार किया। धनराज सोनी ने 1 लाख, 10 हजार रुपये में मंगलसूत्र खरीदना बताया। धनराज सोनी के पेश करने पर अनुमानित 9 ग्राम के 2 सोने के मंगलसूत्र, कीमत करीब 1 लाख, 30 हजार रुपये, जप्त किए गए। आरोपियों को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इनकी रही मुख्य भूमिका 

इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, एएसआई अरुण यादव, हेड कांस्टेबल बिजेश रघुवंशी, दीपक कटियार, कांस्टेबल प्रदीप कहार, चंद्रपाल सरयाम, राहुल रघुवंशी, उज्जवल दुबे की भूमिका सराहनीय रही।