Cyber Fraud: इंस्टाग्राम पर कैम्पा कोला डिस्ट्रीब्यूटरशिप का झांसा, बैतूल के युवक से 1.28 लाख की साइबर ठगी
Cyber Fraud: सोशल मीडिया पर नामी कंपनियों की डिस्ट्रीब्यूटरशिप और फ्री ऑफर के विज्ञापन अब लोगों के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। बैतूल जिले में एक युवक को इंस्टाग्राम पर कैम्पा कोला की एजेंसी दिलाने और फ्री फ्रिज देने का लालच देकर साइबर ठगों ने 1 लाख 28 हजार 560 रुपये की ठगी कर ली। मामले के सामने आने के बाद बैतूल पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी ऑनलाइन ऑफर या डीलरशिप के नाम पर बिना जांच किए पैसे ट्रांसफर न करें।
जिले में सोशल मीडिया के जरिए साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। थाना चोपना क्षेत्र के ग्राम कोल्हिया निवासी युवक को इंस्टाग्राम पर कैम्पा कोला की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने खुद को कंपनी का अधिकृत डीलर बताकर अलग-अलग कारणों से रकम जमा करवाई और बाद में संपर्क बंद कर दिया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम विज्ञापन से शुरू हुआ पूरा मामला
जानकारी के अनुसार फरियादी राजेश विश्वास के भाई मुकेश ने 12 मई 2026 को इंस्टाग्राम पर रिलायंस कैम्पा कोला की डिस्ट्रीब्यूटरशिप से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में कम कीमत पर एजेंसी उपलब्ध कराने और फ्री फ्रिज देने जैसी बातें लिखी गई थीं। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने के बाद ठगों ने खुद को कंपनी का डीलर बताया। बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने अपना नाम महेश कुमार बताया और भरोसा जीतकर पैसे मांगना शुरू कर दिया।
किस्तों में वसूले गए रुपये
पीड़ित को पहले गाड़ी की व्यवस्था कराने के नाम पर 10 हजार रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि माल लोड हो चुका है और वाहन निकालने के लिए भुगतान जरूरी है। इस बहाने कोटक महिंद्रा बैंक के खाते में 36 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए गए।
इसके बाद रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक खाते से जुड़े बारकोड पर 25 हजार 500 रुपये जमा करवाए गए। ठग यहीं नहीं रुके और ई-वे बिल तथा फुल पेमेंट के नाम पर दोबारा 31 हजार 560 रुपये और 25 हजार 500 रुपये और जमा करा लिए। इस तरह आरोपियों ने युवक से कुल 1 लाख 28 हजार 560 रुपये ठग लिए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
जब काफी समय बाद भी न तो डिस्ट्रीब्यूटरशिप मिली और न ही कोई सामान पहुंचा, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। मामले की शिकायत थाना चोपना में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर 8269414694 और 8383049291 सहित संबंधित बैंक खाताधारकों के खिलाफ अपराध क्रमांक 69/26 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) के तहत कार्रवाई की गई है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने जारी किया जागरूकता संदेश
पुलिस अधीक्षक बैतूल ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक ऑफर और सस्ती डिस्ट्रीब्यूटरशिप के विज्ञापनों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी रिलायंस कैम्पा कोला, पारले, अमूल जैसी बड़ी कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी विज्ञापन चला रहे हैं और लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
सुरक्षित रहने के लिए पुलिस की सलाह
पुलिस ने कहा है कि किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइजी या डीलरशिप लेने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत कार्यालय से जानकारी जरूर लें। कोई भी प्रतिष्ठित कंपनी फोन पर बातचीत कर सीधे बैंक खाते या क्यूआर कोड के माध्यम से फीस जमा नहीं करवाती।
इसके अलावा लोगों को ऐसे विज्ञापनों से दूरी बनाने की सलाह दी गई है जिनमें बाजार से बेहद सस्ता सामान या फ्री फ्रिज, मशीन जैसी सुविधाओं का लालच दिया जाता है। पुलिस ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति फोन पर दबाव बनाकर तुरंत पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहे तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है। साथ ही नजदीकी थाना या जिला साइबर सेल को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है। पुलिस ने लोगों से सजग और सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है।

हादसे के बाद प्रशासन सख्त, सुपरवाइजर पर गिरी गाज और कंपनी हुई ब्लैकलिस्ट
शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव! प्रल्हाद जोशी ने संभाला कार्यभार
'न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा', योगी के बयान से मैनपुरी की सियासत गरमाई
कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा खुलासा! बोले- आंदोलन के पहले दिन इस्तीफा देना चाहते थे धर्मेंद्र प्रधान