Betul Railway Station: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। बैतूल रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के तहत कायाकल्प किया जा रहा है। इसके तहत यहां पर विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इनमें से एक प्रमुख और बड़ा कार्य यहां पूरा हो गया है। यह कार्य है रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य।

स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य बीते कई दिनों से चल रहा था। लेकिन, इसका पिलरों पर गर्डर रखने का मुख्य कार्य पिछले 5 दिनों के दौरान किया गया। इसके लिए नागपुर से टेलीस्कोप सिस्टम की बड़ी क्रेन बुलाई गई थी। यह क्रेन पूरे 5 दिनों तक बैतूल में रही। यह फुट ओवर ब्रिज कुल 60 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा है। 

तीन नए प्लेटफॉर्म भी बनाए जाएंगे 

अभी बैतूल रेलवे स्टेशन पर 3 प्लेटफॉर्म हैं। यहां अब 3 प्लेटफॉर्म और बनाए जाएंगे। यह प्लेटफॉर्म नंबर 4, 5 और 6 होंगे। इनमें से 4 और 5 नंबर एक साथ अगल-बगल होंगे, जबकि 6 नंबर प्लेटफॉर्म आखिरी में और अकेला रहेगा। यह फुट ओवर ब्रिज इसी आधार पर बनाया गया है और नए बनने वाले सभी प्लेटफॉर्मों को भी जोड़ेगा। 

ब्लॉक लिया पर ट्रैफिक प्रभावित नहीं 

पिलर पर गर्डर रखने के कार्य के लिए ठेका कंपनी द्वारा 2 से 3 बार ब्लॉक भी लिया गया, हालांकि ब्लॉक लेने से भी कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई। गाड़ियों का समय होने से पहले ही कंपनी द्वारा कार्य पूरा कर लिया। गौरतलब है कि 28 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे स्टेशन पर विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।