Shahpur BJP Mandal Mahamantri: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। देश और प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में पदाधिकारी बनने के इच्छुक नेता पद पाने इतने अधिक उतावले हो गए हैं कि संगठन द्वारा घोषणा करने के पूर्व ही स्वयं को पदाधिकारी घोषित कर रहे हैं। स्वयं ही पदाधिकारी बनकर न सिर्फ इसका सार्वजनिक प्रदर्शन भी कर रहे हैं बल्कि क्षेत्र में स्वयं को पदाधिकारी जैसा भी ट्रीट कर रहे है। इसका ताजा उदाहरण शाहपुर मंडल में देखने को मिला जहां भाजपा नेता और पूर्व मंडल उपाध्यक्ष विनोद साहू ने स्वयं ही अपने आप को मंडल महामंत्री घोषित कर लिया है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गंगा सज्जनसिंह उईके को जन्मदिन की बधाई देने फ्लेक्स भी लगा दिए वहीं स्वयं के मोबाइल में स्टेटस लगाने के साथ ही सोशल मीडिया में भाजपा के ग्रुप में पोस्ट भी कर दी जिसमें स्वयं को मंडल महामंत्री बताया है।

घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा उईके का सोमवार को जन्मदिन था। शाहपुर के भाजपा नेता विनोद साहू ने रविवार को ही श्रीमती उईके को बधाई देने बस स्टैंड शाहपुर में एक फ्लैक्स लगाया, जिसमें स्वयं को भाजपा मंडल महामंत्री लिखा है। इस फ्लैक्स में भाजपा मंडल अध्यक्ष नीतू गुप्ता एवं विधायक गंगा उईके की बड़ी फोटो लगाई है। साथ ही ऊपर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री सहित देश एवं प्रदेश के संगठन पदाधिकारियों की भी फोटो लगाई है। श्री साहू ने अपने व्हाट्सअप पर स्टेटस भी लगाया है वहीं भाजपा के कुछ ग्रुप में भी उक्त पोस्ट की है। सूत्रों के अनुसार विनोद साहू क्षेत्र में स्वयं को भाजपा महामंत्री बता रहा है और पिछले दिनों जिला मुख्यालय में हुए भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में भी शामिल हुआ था।

इस संबंध में जब भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती नीतू गुप्ता से जानकारी ली तो उन्होंने बताया शाहपुर मंडल में एक ही महामंत्री अशोक बर्थने की घोषणा की गई है। विनोद साहू को महामंत्री घोषित नहीं किया है। श्री साहू पूर्व में मंडल उपाध्यक्ष थे। वर्तमान में सिर्फ एक सामान्य कार्यकर्त्ता है। वे जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में किस हैसियत से शामिल हुए, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। स्वयं को भाजपा मंडल महामंत्री बताकर फ्लैक्स और स्टेटस लगाने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

इनका कहना...

शाहपुर भाजपा मंडल में वर्तमान में एक ही महामंत्री अशोक बर्थने है। विनोद साहू वर्तमान में मंडल महामंत्री नहीं है। वर्तमान में वे सिर्फ एक साधारण भाजपा कार्यकर्त्ता है। पूर्व कार्यकारिणी में वे जरूर मंडल उपाध्यक्ष थे, लेकिन वर्तमान कार्यकारिणी में उनके पास मंडल स्तर का कोई पद नहीं है।
- श्रीमती नीतू गुप्ता
भाजपा मंडल अध्यक्ष, शाहपुर