Betul Water Supply Project: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर में जलापूर्ति के लिए नगर पालिका द्वारा अस्थाई की जगह स्थाई उपाय तलाशे जा रहे हैं ताकि बार-बार जल संकट की नौबत न आए। इसी के तहत ताप्ती बैराज से एक और (पैरेलल) पाइप लाइन बिछाने की योजना है। यह पाइप लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट पर करीब 35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे अभी जितना पानी आ रहा है, उसके दोगुने से भी अधिक पानी बैतूल आएगा। जिससे आने वाले कई सालों तक शहरवासियों को भरपूर पानी मुहैया हो सकेगा। इस कार्य के लिए डीपीआर लगभग तैयार हो चुकी है। 

शहरवासियों को पानी की आपूर्ति के लिए फिलहाल खेड़ी स्थित ताप्ती बैराज मुख्य स्रोत है। यहां से पाइप लाइन से नपा द्वारा बैतूल के विवेकानंद वार्ड स्थित फिल्टर प्लांट तक रॉ वाटर लाया जाता है। पानी लाने के लिए जो पाइप लाइन अभी बिछी है, उसका डायमीटर केवल 4 फीट का है। यही कारण है कि इससे केवल 8 एमएलडी (मिलियन लीटर डेली) पानी ही फिल्टर प्लांट तक रोजाना पहुंच पा रहा है। दूसरी ओर शहर की जरुरत इससे ज्यादा है वहीं फिल्टर प्लांट की क्षमता का भी पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसकी क्षमता रोजाना 23 एमएलडी पानी को फिल्टर करने की है, लेकिन 8 एमएलडी पानी ही अभी फिल्टर हो रहा है। इसे देखते हुए ही ताप्ती बैराज से बैतूल तक एक और पाइप लाइन बिछाने की योजना है। 

नपा ने तैयार की प्रोजेक्ट की डीपीआर

नगर पालिका ने इस प्रोजेक्ट की डीपीआर लगभग तैयार कर ली है। इसमें इस कार्य के लिए 32 से 35 करोड़ रुपये तक खर्च आने का अनुमान है। पाइप लाइन बिछाने के साथ-साथ बैराज पर एक और इंटेकवेल भी बनाया जाएगा। इस पाइप लाइन की क्षमता वर्तमान पाइप लाइन से काफी अधिक होगी। जिससे अभी की अपेक्षा ज्यादा मात्रा में पानी बैतूल पहुंच सकेगा। 

9 फीट का रहेगा पाइप का डायमीटर 

नपा अधिकारियों के अनुसार नई पाइप लाइन में पाइप का डायमीटर 9 फीट का रहेगा। इससे इसके जरिए रोजाना 16 एमएलडी पानी लाया जा सकेगा। इस तरह कुल 24 एमएलडी पानी रोज बैतूल पहुंच सकेगा। इससे फिल्टर प्लांट की क्षमता का भी पूरा-पूरा उपयोग हो सकेगा और शहरवासियों को भी पर्याप्त पानी मुहैया कराया जा सकेगा।