Betul Water Supply: बैराज की मोटर से उठा धुआं तो मचा हड़कंप, शहर में जल संकट का खतरा टला, ट्यूबवेलों में लगी मोटरें
Betul Water Supply: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। नगर पालिका की जल प्रदाय शाखा के अधिकारियों की आज उस समय एक बार फिर हालत खराब हो गई जब उन्हें पता चला कि ताप्ती बैराज खेड़ी की एक मोटर से धुआं निकल रहा है। यह खबर मिलते ही वे तत्काल ताप्ती बैराज पहुंचे और मोटर का परीक्षण किया। इसमें पाया कि मोटर खराब नहीं हुई है बल्कि केवल तेज गर्मी और अधिक घर्षण के कारण वह ज्यादा गर्म होने से धुआं फेंक रही है। इस पर उन्होंने राहत की सांस ली। इधर जो मोटर भोपाल सुधरने गई थी, वह भी देर शाम तक वापस आ जाएगी। इसके अलावा नपा ने किसी भी कारण से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने पर लोगों को पानी उपलब्ध कराने शहर के 59 ट्यूबवेलों में मोटर भी लगा दी है।
बुधवार को ताप्ती बैराज के इंटेकवेल पर मौजूद 2 मोटरों में से एक खराब हो गई थी। इस मोटर को सुधारने के लिए 13 से 14 घंटे तक मशक्कत की गई। दूसरी मोटर के पार्ट्स निकालकर इस मोटर में लगाए गए और जैसे-तैसे इसे चालू किया गया था। कल ठीक तरह से चलने के बाद आज सुबह इस 335 एचपी की इस मोटर से अचानक धुआं निकलने लगा। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी। यह खबर मिलते ही अधिकारियों की हालत ही खराब हो गई। कारण यह था कि ताप्ती बैराज पर फिलहाल केवल 2 मोटरें ही हैं। यदि इनमें से भी एक खराब हो जाती तो अगले कई दिनों तक शहर में जलापूर्ति प्रभावित होने की स्थिति बन जाती। एक मोटर पहले से ही सुधरने के लिए भोपाल गई हुई है।
तत्काल बैराज पहुंचे नपा के अफसर
इस पर सहायक यंत्री नीरज धुर्वे, धीरेंद्र राठौर और राहुल शर्मा तत्काल ही बैराज पर पहुंचे। यहां उन्होंने उस मोटर का निरीक्षण किया और पाया कि मोटर में कोई तकनीकी खराबी नहीं आई है। मोटर से धुआंं निकलने की वजह यह थी कि भीषण गर्मी में घर्षण से वह जल्दी गर्म हो रही थी। इसे देखते हुए उन्होंने उस मोटर को बंद करवा दिया ताकि वह तुरंत खराब न हो और रात में उसे चलाया जा सके। इसके बाद दूसरी मोटर चालू कर उससे रॉ वाटर फिल्टर प्लांट पहुंचाना शुरू किया गया।
दूसरी मोटर भी पहुंच रही बैतूल
ताप्ती बैराज की एक मोटर पहले से सुधरने के लिए भोपाल भेजी गई थी। यह मोटर भी आज देर शाम तक बैतूल पहुंच रही है। यह खबर मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। बैतूल आने पर रात में इस मोटर को फिट किया जाएगा। यह मोटर आ जाने से रॉ वाटर बैतूल पहुंचाने में कोई परेशानी नहीं होगी। इस बीच उस मोटर को भी पूरी तरह दुरूस्त करवा लिया जाएगा, जिससे धुआं निकल रहा था।
खराब होने से प्रभावित होती जलापूर्ति
यदि वह मोटर धुआं निकलने की जगह खराब हो जाती तो एक बार फिर शहर की जलापूर्ति पर असर पड़ता। बुधवार खराब हुई मोटर को हालांकि उसी रात में सुधार लिया गया था। इससे शहर की जलापूर्ति पर खास असर नहीं पड़ा था। नगर पालिका ने जलापूर्ति प्रभावित रहने की सूचना जरुर जारी कर दी थी, लेकिन गुरुवार को दोपहर से सप्लाई शुरू कर दी थी। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। हालांकि बचे हुए दिनों में कभी भी सप्लाई प्रभावित होने का खतरा अभी भी बना हुआ है।
ट्यूबवेलों से भी मिल सकेगा पानी
इसके अलावा किसी भी कारण से शहर की जलापूर्ति प्रभावित होने की संभावित स्थिति को देखते हुए नपा ने शहर के अपने 59 ट्यूबवेलों में 1 एचपी की मोटरें भी लगा दी है ताकि लोगों को पानी प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो। इनकी सूची भी नपा ने सार्वजनिक की है। पार्षदों से संपर्क कर इन ट्यूबवेलों से पानी लिया जा सकता है। सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि जिन ट्यूबवेलों में मोटरें लगाई गई हैं, उनमें शहर के विभिन्न वार्डों के रिहायशी क्षेत्र और वे सरकारी दफ्तर और सार्वजनिक स्थान हैं, जहां पर रोजाना बड़ी तादाद में लोगों की आवाजाही होती है। मोटर लग जाने से लोगों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सकेगा।

'पंजाब को शिक्षा में नंबर 1 बनाया', केजरीवाल का भाजपा पर तीखा हमला, पेपर लीक पर भी दिया जवाब
राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को चेतावनी, कहा- पीओके के अलावा किसी मुद्दे पर नहीं होगी बात
फर्जी रोमन थिएटर का 10 साल तक चलता रहा खेल, हजारों रुपये वसूलने के बाद ऐसे खुली पोल
विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों का जलवा, ईशा सिंह ने जीता स्वर्ण, मनु भाकर को कांस्य
'हमने मिठाई तक छोड़ दी...' भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता ने बताया मेडल का मंत्र