Ranipur Murder Case: रानीपुर (राष्ट्रीय जनादेश)। थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव के मामले का खुलासा हो गया है। यह महज कोई हादसा नहीं था, बल्कि एक पिता ने ही अपने बेटे की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था। इस मामले में आरोपी के दूसरे बेटे ने भी उसका सहयोग किया। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। 

थाना प्रभारी बबीता धुर्वे ने बताया कि 18 मई को उप स्टेशन प्रबंधक घोड़ाडोंगरी द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कोयलारी के पास रेलवे खंभा क्रमांक 823/1 के समीप एक अज्ञात पुरुष का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ है, जिसकी मृत्यु ट्रेन से गिरने के कारण होना प्रतीत हो रही है। सूचना पर रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। अज्ञात मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृतक की मृत्यु गला दबाने से होना बताया गया, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को फ्रिजर में सुरक्षित रखवाया गया।

एक दिन बाद हुई मृतक की शिनाख्त 

घटना के अगले दिन 19 मई को मृतक की पहचान अनेष पिता रामदयाल निवासी मेंढापानी के रूप में हुई। विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर यह स्पष्ट हुआ कि अज्ञात आरोपी द्वारा हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे पटरी पर फेंका गया था। इस पर थाना रानीपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस विवेचना सनसनीखेज खुलासा 

पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर संदेह के आधार पर मृतक के पिता रामदयाल से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी रामदयाल ने बताया कि मृतक अनेष शराब पीने का आदी था तथा आए दिन परिवारजनों के साथ मारपीट एवं विवाद करता था। घटना दिनांक 17 मई को मृतक ने घर में रखी गेहूं की चार कट्टियां बेच दी थीं तथा परिवार के साथ मारपीट की थी। जिससे परिवार के सदस्य गांव में अन्यत्र जाकर छिप गए थे।

बेटे की मदद से ले गया शव 

आरोपी रामदयाल स्वयं खेत स्थित टपरी में जाकर छिप गया था, जहां मृतक अनेष उसे खोजते हुए पहुंचा और विवाद एवं मारपीट करने लगा। इसी दौरान रामदयाल ने अनेष को जमीन पर गिराकर उसकी छाती पर बैठते हुए उसके गले में पड़े गमछे से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने अपने छोटे पुत्र मनीष उइके की सहायता से मृतक के शव को मोटर साइकिल पर रखकर कोयलारी रेलवे लाइन के समीप पटरी पर फेंक दिया, ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो।

दोनों आरोपियों को किया कोर्ट में पेश 

पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल एवं गमछा बरामद किया गया। आरोपी रामदयाल उइके एवं उसके पुत्र मनीष उइके को 22 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बबीता धुर्वे, निरीक्षक आबिद अंसारी, उप निरीक्षक आम्रपाली डाहट, एएसआई बीएल बौरासी, प्रधान आरक्षक जाकिर खान, सचिन पाटिल, रमेश टेकाम एवं आरक्षक राजेन्द्र की विशेष भूमिका रही।