Betul Chaupati Food Rates: महंगाई का तड़का: कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ते ही चौपाटी में बदला जायका, ₹10 तक महंगी हुई प्लेट
Betul Chaupati Food Rates: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। सरकार द्वारा एक मई से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 940 रुपये बढ़ाने के बाद अब दुकानदारों ने नाश्ते-खाने के रेट भी बढ़ा दिए हैं। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने से नेहरू पार्क स्थित चौपाटी के दुकानदारों ने नाश्ते के दाम 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। पहले 50 रुपये में मिलने वाली सभी खाद्य सामग्रियों के दाम 60 रुपये कर दिए हैं। वहीं 40 रुपये वाली प्लेट 50 रुपये में कर दी है। चाट-फुलकी आदि के रेट नहीं बढ़ पाए हैं, लेकिन मात्रा कम कर दी है। जिससे अब चौपाटी में खाना-पीना महंगा हो गया है।
ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच भले ही अभी युद्ध विराम चल रहा है, लेकिन युद्ध समाप्त नहीं हुआ है। जिससे मिडिल-ईस्ट में तनाव की स्थिति बनी हुई है। तनाव के चलते न सिर्फ पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हुई है बल्कि दाम भी बढ़े हैं। देश में सरकार द्वारा भले ही अभी पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर के दाम नहीं बए़ाए गए हो, लेकिन कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम हाल ही में 3 बार बढ़ा दिए गए हैं। एक मई से तो 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम लगभग 937 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ा दिए हैं, जिससे 19 किलो का कमर्शियल गैस सिलेंडर लगभग 3200 रुपये का हो गया है। वहीं 5 किलोग्राम वाला छोटा गैस सिलेंडर भी रेट बढ़ने के बाद लगभग 900 रुपये का हो गया है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट लगभग 40 फीसदी बढ़ने से इसका सीधा असर चाय-नाश्ते की दुकानों, होटलों, चौपाटी की दुकानों के साथ ही वैवाहिक कार्यक्रमों में भी पड़ा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की मारामारी और दाम बढ़ने से पहले ही कई दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी है। वहीं जो दुकानें चालू हैं, उन्होंने भी एक मई के बार सभी प्रकार की खाद्य सामग्रियों के दाम बढ़ा दिए हैं।
शहर के नेहरू पार्क स्थित चौपाटी में अभी तक 50 रुपये प्रति प्लेट में बिकने वाले पिज्जा, मंचूरियन, चाउमीन, डोसा, पाव भाजी के दाम बढ़ाकर 60 रुपये प्रति प्लेट कर दिए हैं। वहीं 40 रुपये प्रति प्लेट मिलने वाली इडली-सांभर के दाम बढ़ाकर 50 रुपये प्रति प्लेट कर दिए हैं। तुलाराम चाट सेंटर के संचालक तुलाराम ने बताया कि भेल-चाट-फुलकी के दाम भी 30 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रति प्लेट किए हैं। लेकिन, 5 रुपये चिल्लर की दिक्कत आने से ग्राहक 35 रुपये देने में आनाकानी कर रहे हैं। इसके बाद सभी दुकानदारों ने चाट-भेल के दाम 30 रुपये ही कर दिए हैं और मात्रा कम कर दी है। इसी प्रकार 20 रुपये 10 फुलकी की जगह अब एक प्लेट में 8 फुलकी ही दी जा रही है। जिससे चाट-भेल-फुलकी ग्राहकों को पुराने दाम में ही मिल रही है, लेकिन प्लेट में मात्रा कम हो गई है।
सांवरिया मसाला डोसा के संचालक प्रकाश यादव ने बताया कि हाल के दिनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 40 प्रतिशत से अधिक बढ़ गए हैं। एक सिलेंडर लगभग 3200 रुपये में आने लगा है। ऐसे में हमारे पास दाम बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। यदि दाम नहीं बढ़ाएंगे तो फिर हमें दुकान ही बंद करना पड़ेगा। चौपाटी के साथ ही शहर में अधिकतर खाद्य सामग्रियों की दुकानों में भी दाम बढ़ गए हैं। शादियों में भी कैटर्स द्वारा गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने का हवाला देकर अधिक रुपयों की मांग की जा रही है। भले ही रसोई गैस के दाम नहीं बढ़े हो, लेकिन कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने का असर भी आम लोगों पर पड़ रहा है।

राशिफल 14 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
रामलला दर्शन योजना : रायगढ़ से 112 श्रद्धालुओं का 16वां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना
ऊर्जा संरक्षण और सादगी जीवन का आधार- वन मंत्री केदार कश्यप
सामाजिक परिवर्तन के वाहक बनें विश्वविद्यालय : मंत्री परमार
कौशल विकास गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग से युवाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार : मंत्री टेटवाल
नगर पालिका जांजगीर-नैला एवं ग्राम पंचायत परसाही (नाला) में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित