Betul Underground Parking: बैतूल को मिलेगी ट्रैफिक जाम से मुक्ति: कोठीबाजार में ₹2.24 करोड़ की अंडरग्राउंड पार्किंग का काम शुरू!
Betul Underground Parking: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रमुख ड्रीम प्रोजेक्ट अंडर ग्राउंड पार्किंग का काम आखिरकार सोमवार को शुरू हो गया। कोठीबाजार क्षेत्र के गांधी चौक पर बनने वाली इस पार्किंग पर 2.24 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कार्य शुरू करते समय और उसके बाद भी यहां राजस्व विभाग और नगर पालिका के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। यहां लग रही दुकानों को डीईओ ऑफिस के पास शिफ्ट किया है।
शहर का कोठीबाजार क्षेत्र में मुख्य बाजार क्षेत्र है। इसके चलते शहर ही नहीं बल्कि जिले के अन्य क्षेत्रों से भी लोग यहां खरीदी के लिए आते हैं। इस क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। व्यवस्थित पार्किंग नहीं होने के चलते दुकानों के सामने सड़क पर वाहन खड़ा करना लोगों की मजबूरी बन जाती है। यही वजह है कि इससे ट्रैफिक पर खासा असर पड़ता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए ही विधायक श्री खंडेलवाल ने यहां अंडर ग्राउंड पार्किंग बनवाने का निर्णय लिया था। पिछले दिनों इसका काम शुरू भी हुआ था, लेकिन अशोक स्तंभ को हटाने के मुद्दे पर हुए चक्काजाम के चलते यह काम रोकना पड़ा था। अब आज से दोबारा यह काम शुरू किया गया है।

अफसर और पुलिस की रही मौजूदगी
आज सुबह 9 बजे एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, तहसीलदार पूनम साहू, टीआई देवकरण डेहरिया, सीएमओ नवनीत पांडे और पुलिस बल की मौजूदगी में यहां दोबारा काम शुरू किया गया। नगर पालिका ने पुलिस बल की मौजूदगी में यहां सड़क किनारे और शेड डालकर लगाई जा रही सब्जी, कॉस्मेटिक, पान, कपड़े और अनाज की दुकानों को हटाया। नपा टीम ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने का काम किया।
दुकानदारों को यहां किया गया शिफ्ट
नगर पालिका ने पुराने डीईओ ऑफिस के पास पहले ही जमीन समतल कर दुकानें लगाने की व्यवस्था कर दी थी। पहले दुकानदार वहां नहीं गए। जिस पर आज इन दुकानदारों को वहां शिफ्ट किया गया। प्रशासन का कहना है कि उन्हें आगे व्यवस्थित रूप से बसाया जाएगा। नपा सीएमओ नवनीत पांडे के अनुसार दुकानदारों को व्यवस्थापन के साथ हटाया गया है। दुकानें शिफ्ट हो जाने के बाद यहां पर कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
शेड बनने पर यहीं करेंगे व्यवस्थित
गांधी चौक पर अंडर ग्राउंड बेसमेंट में पार्किंग बनाई जाएगी वहीं ऊपर शेड निर्माण किया जाएगा। इस शेड में ही इन पुराने दुकानदारों को व्यवस्थित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 2 करोड़, 24 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। चौक पर स्थित अशोक स्तंभ को फिलहाल नहीं हटाया गया है। इसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका है, इसलिए इसके लिए दूसरी जगह पहले व्यवस्था करके बाद में हटाएंगे।
बारिश से पहले पूरा करने का लक्ष्य
अंडर ग्राउंड पार्किंग निर्माण का ठेका सिंगरौली के ठेकेदार राजेंद्र सिंह को दिया गया है। बारिश से पहले करीब दो माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्किंग में प्रवेश का हिस्सा मुख्य सड़क की ओर होगा, जबकि सीमेंट रोड की तरफ सीढ़ियां रहेंगी। यह अंडर ग्राउंड पार्किंग बन जाने के बाद कोठीबाजार क्षेत्र में वाहनों को पार्क करने के लिए व्यवस्थित जगह उपलब्ध हो सकेगी, वहीं सड़क पर खड़े वाहनों के कारण जाम लगने की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।

राशिफल 14 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
रामलला दर्शन योजना : रायगढ़ से 112 श्रद्धालुओं का 16वां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना
ऊर्जा संरक्षण और सादगी जीवन का आधार- वन मंत्री केदार कश्यप
सामाजिक परिवर्तन के वाहक बनें विश्वविद्यालय : मंत्री परमार
कौशल विकास गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग से युवाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार : मंत्री टेटवाल
नगर पालिका जांजगीर-नैला एवं ग्राम पंचायत परसाही (नाला) में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित