04Barradhana Fire Relief: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। जिले के भीमपुर ब्लॉक के ग्राम बर्राढाना में शनिवार को भीषण आग लगने से भारी तबाही मची थी। इस घटना में 24 परिवारों की घर गृहस्थी पूरी तरह से उजड़ गई है। उनकी सालों की मेहनत से बसी गृहस्थी चंद पलों में खाक हो गई। ऐसे में खाली होकर खुले आसमां के तले आ चुके परिवारों की मदद को हजारों हाथ उठ रहे हैं। जनप्रतिनिधि और समाजसेवी संगठन इन पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। कुछ मदद आज पहुंच भी गई है वहीं कुछ मदद जल्द ही इन परिवारों तक पहुंच जाएगी। 

रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर केवल ढांढस ही नहीं बंधाया बल्कि अपनी ओर से तात्कालिक आर्थिक सहायता भी दी। इसके साथ ही उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान उन्होंने आगजनी से प्रभावित सभी  परिवारों को व्यक्तिगत रूप से तात्कालिक आर्थिक 10-10 हजार रुपए की नकद सहायता राशि प्रदान की, जिससे पीड़ितों को तुरंत राहत मिल सके। विधायक श्री खंडेलवाल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा की है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आगजनी पीड़ित परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है।

अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी

विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल और भैंसदेही दोनों विधायकों की स्वेच्छानुदान निधि से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 20-20 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रावधान के तहत भी पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का विस्तृत आंकलन कर शीघ्र आर्थिक सहायता वितरित की जाए तथा पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं।

विधायक के साथ यह भी रहे मौजूद 

इस अवसर पर उपाध्यक्ष जन अभियान परिषद मोहन नागर, विधायक भैंसदेही महेंद्र सिंह चौहान, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। 

आगजनी से हुआ भारी नुकसान

शनिवार शाम बर्राढाना में अचानक लगी आग तेज हवाओं के कारण विकराल हो गई, जिससे मकान, घरेलू सामान और अनाज जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में करीब 24 परिवार प्रभावित हुए हैं, जिनमें लगभग 18 परिवारों को भारी और 6 को आंशिक नुकसान हुआ है।

संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य जारी

शासन प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लिए राशन इत्यादि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों का स्वास्थ्य परिक्षण भी कराया गया है। साथ ही सामाजिक संस्थाएं भी पीड़ितों की मदद के लिए आगे आ रही हैं। विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने मौके पर चले रहे राहत कार्यों का अवलोकन भी किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान श्री खंडेलवाल ने भरोसा दिलाया कि आर्थिक सहायता और पुनर्वास की हर संभव व्यवस्था प्राथमिकता के साथ की जाएगी, ताकि प्रभावित परिवार जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।

केंद्रीय मंत्री उइके ने बंधाया ढांढस

इससे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके भी आज घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। मौके पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को उन्होंने निर्देशित किया कि राहत एवं पुनर्वास कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो तथा सभी परिवारों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए। इस दौरान विधायक महेंद्र सिंह चौहान, भाजपा अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोष टेकाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, भूरा यादव के साथ ही अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभावित ग्रामीणों तक पहुंचा रहे राशन से लेकर सब्जियां तक 

नांदा। बर्राढाना में आग से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए पूरे क्षेत्र के लोग आगे आ रहे हैं। प्रभावित परिवारों को ग्राम बर्राढाना के स्कूल में कैंप बनाया गया है, जहां उन्हें ठहराया है। इनके लिए यहां भोजन-पानी की व्यवस्था कर दी गई है। इस कार्य में वन, ग्रामीण विकास, शिक्षा, पुलिस और राजस्व विभाग तथा बैंक एवं अन्य संगठन मदद कर रहे हैं। आरएसएस संगठन ने भी मदद की है। दामजीपुरा क्षेत्र के बटकी और झिरना गांव से 15 क्विंटल गेहूं एक क्विंटल चना, सब्जी के लिए लहसुन, प्याज जैसी रोजमर्रा की सारी सामग्री पहुंचाई गई है। दामजीपुरा  सहकारी समिति के प्रबंधक द्वारा भी समिति से सहायता प्रदान की गई है। आसाराम बोरवेल ने भी मदद की है। पत्रकार राजेंद्र यादव गेहूं-चावल दिया है। सभी संगठन और कर्मचारी भी हरसंभव सहायता कर रहे हैं।

भैंसदेही एसडीएम तथा मोहदा रेंजर भी अपनी-अपनी टीमों के साथ सहयोग में जुटे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के पहुंचने पर ग्रामीणों ने रोते-रोते अपना दुखड़ा सुनाया। प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया कि आपको हर तरह की मदद की जाएगी। उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से भी 2-2 लाख रुपये प्रत्येक परिवार को दिलवाएंगे। आपका मकान भी बना दिया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद रेंजर श्री पाटीदार को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को वन विभाग से लकड़ी, बांस और बल्ली से मदद करें। इस पर रेंजर ने सभी चीजें उपलब्ध कराने की बात कही।