Betul News: अंडरब्रिज की तरह अन्य कार्यों में भी इच्छाशक्ति दिखाएं जनप्रतिनिधि, तो बदल सकती है जिले की तस्वीर
Betul News: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शहर के गंज अंडरब्रिज के विस्तारीकरण कार्य में जिले के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने जिस प्रकार तत्परता दिखाई, उससे अंडरब्रिज से आवागमन पूर्व निर्धारित समय से 17 दिन पहले ही शुरू हो गया। रेलवे द्वारा पूर्व में अंडरब्रिज विस्तार के लिए 45 दिन का समय निर्धारित किया गया था। केंद्रीय मंत्री डीडी उइके और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के हस्तक्षेप के बाद इसे 30 दिनों में पूरा करने का आश्वासन दिया और शुक्रवार सुबह 28 दिन बाद ही रेलवे अंडरब्रिज से आवागमन शुरू कर दिया गया।
इस सराहनीय पहल की सभी ओर तारीफ तो हो रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा भी बढ़ गई है। यदि जिले के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि शहर के साथ ही जिले में चल रहे जनहित के सभी निर्माण कार्यों में रूचि लेकर तत्परता दिखाएं तो जिले की दिशा और दशा बदल सकती है। इसके साथ ही लंबित हो रहे विकास कार्यों से जनता को होने वाली परेशानी से भी बचा जा सकता है।
आमतौर पर अधिकतर शासकीय निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा में पूर्ण नहीं होते हैं। निर्माण कर रहे ठेकेदार द्वारा अतिरिक्त समय की मांग की जाती है। कई बार तो अतिरिक्त समय निकलने के बाद भी कार्य पूर्ण नहीं होता है। निर्माण कार्य लंबित रहने से नागरिकों को बेहद परेशानी उठानी पड़ती है। साथ ही समय बढ़ने के साथ निर्माण कार्यों की लागत भी बढ़ जाती है। लागत नहीं बढ़ाने पर गुणवत्ता प्रभावित होती है। बैतूल शहर के साथ ही जिले में ऐसे कई लंबित कार्य हैं, जो निर्धारित समय से दोगुना समय बीतने के बाद भी पूरे नहीं हुए हैं। जिससे इन कार्यों की लागत भी बढ़ गई है। वहीं अधूरे निर्माण कार्यों से नागरिक भी परेशान हो रहे हैं।
45 दिन का काम 28 दिनों में हुआ पूरा
शहर के गंज अंडरब्रिज का विस्तारीकरण थर्ड और फोर्थ लाइन के लिए किया जाना था। रेलवे द्वारा 3 अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू कर 45 दिन यानी 18 मई तक गंज अंडरब्रिज से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। मीडिया में इस संबंध में खबरें प्रकाशित होने के बाद स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री डीडी उइके, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शहरवासियों और वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए रेलवे अधिकारियों और ठेकेदार से चर्चा कर अंडरब्रिज से आवागमन शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। रेलवे अधिकारियों और ठेकेदार ने भी तत्परता दिखाते हुए अंडरब्रिज से दो पहिया-चौपहिया वाहनों का आवागमन 21 अप्रैल से पूर्ण आवागमन 3 मई से शुरू करने का आश्वासन दिया। 21 अप्रैल को अंडरब्रिज से दोपहिया और चौपहिया वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया। वहीं 3 मई के 2 दिन पूर्व ही शुक्रवार एक मई को सुबह 8 बजे से ही अंडरब्रिज से छोटे-बड़े सभी वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
दृढ़ राजनैतिक इच्छा शक्ति का बताया परिणाम
गंज अंडरब्रिज से आंशिक और पूर्ण रूप से आवागमन शुरू होने पर केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डीडी उइके के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि गंज अंडरब्रिज से आवागमन शुरू होना राजनैतिक इच्छाशक्ति का कमाल है। केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डीडी उइके तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के सतत प्रयासों से, निरंतर मॉनिटरिंग और दृढ़ राजनैतिक इच्छाशक्ति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उनके प्रभावी हस्तक्षेप और जन समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण ने इस जटिल कार्य को निर्धारित समय से पहले संभव बना दिया। दोनों जनप्रतिनिधियों की इस पहल का नागरिकों ने स्वागत कर उनका आभार भी व्यक्त किया है।
अब जनता की बढ़ी अपेक्षा
गंज अंडरब्रिज का कार्य निर्धारित समय के पूर्व पूरा होने से अब जिलेवासियों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं। वर्तमान में शहर के गाड़ाघाट टिकारी से कारगिल चौक तक बन रही सड़क का काम लगभग 2 माह से बंद है। गंज मंडी कॉम्पलेक्स का निर्माण 10 साल बाद भी पूरा नहीं हुआ है। वहीं गंज में तांगा स्टैंड से बाबू चौक तक बन रही सउ़क और डिवाइडर का कार्य लगभग 10 माह बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। यह सभी कार्य नगर पालिका या राज्य सरकार के निर्माण कार्य है। जबकि एनएचएआई लगभग 12 साल बाद भी बैतूल-भोपाल फोरलेन में बरेठा घाट की सड़क नहीं बनवा पाई है। इसके साथ ही जिले में जनहित के कई ऐसे कार्य हैं, जो समय सीमा समाप्त होने के बाद भी पूर्ण नहीं हो पाए हैं। नागरिकों की अपेक्षा है कि सांसद एवं विधायक इन निर्माण कार्यों को पूर्ण करवाने में भी दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाएं तो यह कार्य भी समय के पूर्व ना सही, निर्धारित समय पर तो पूर्ण हो जाएं, जिसका लाभ जिलेवासियों को मिलने के साथ्ज्ञ ही परेशानी से बचा जा सकेगा।

Betul Congress News: जिला कांग्रेस कमेटी के 51 पदाधिकारियों की सूची में दिखा निलय का दबदबा, राष्ट्रीय जनादेश का पूर्वानुमान फिर सटीक
Massive Fire Betul: आंधी-तूफान के बीच बर्राढाना में भीषण आग, 10 मकान जलकर खाक, सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप
कपिल सिब्बल का बयान: मतगणना केंद्रों पर राज्य सरकार के कर्मचारी जरूरी
Mamata Banerjee का दावा: बंगाल में फिर बनेगी TMC सरकार
ईरान-यूएस तनाव के बीच फंसा सुपरटैंकर, रणनीतिक हलचल तेज
सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा, कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज