Mass Marriage Accident: घोड़ाडोंगरी के सामूहिक विवाह में अनियंत्रित डीजे वाहन ने दूल्हे और बारातियों को रौंदा, फिर नीचे बैठकर दूल्हे-दुल्हनों ने किया भोजन
Mass Marriage Accident: घोड़ाडोंगरी (राष्ट्रीय जनादेश)। यहां सतपुड़ा ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/निकाह समारोह में उस वक्त अफरातफरी की स्थिति बन गई, जब बैंड-बाजे का डीजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर दूल्हे और बारातियों के ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में एक दूल्हा और उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। समारोह में अन्य कई अव्यवस्थाएं भी नजर आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बारात कार्यक्रम स्थल से निकल रही थी। इस बीच ढलान पर उतरते समय डीजे वाहन अचानक न्यूट्रल हो गया या उसके ब्रेक फेल हो गए। इससे ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे बारातियों की भीड़ में जा घुसी। संभावना जताई जा रही है कि ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ है।
दूल्हे के पेट के ऊपर से गया टायर
इस दुर्घटना में मुलताई क्षेत्र के ग्राम भुवनखापा निवासी दूल्हा अनुल सरोदे (25) और उसका चचेरा भाई राहुल (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वाहन का टायर दूल्हे के पेट के ऊपर से गुजर गया, जबकि राहुल के पैर में गंभीर चोट (फ्रैक्चर) आई है। एक अन्य बाराती भी घायल हुआ है।
घोड़ाडोंगरी से किया बैतूल रेफर
हादसे में घायलों को तुरंत घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं था वाहन
इस घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि डीजे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा वाहन पहले से ही जर्जर और कंडम स्थिति में था। इसे संशोधित करके उपयोग में लिया जा रहा था, जो सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता था।
कार्यक्रम छोड़कर गांव लौटा दुल्हन पक्ष
इस हादसे के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई थी। स्थिति यह हो गई कि दुल्हन पक्ष को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर अपने गांव सलैया लौटना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कतार में लग कर लेना पड़ा भोजन
जिले का तीसरा आयोजन होने के बावजूद प्रशासन द्वारा व्यवस्था में सुधार के कोई प्रयास नहीं किए गए। मीडिया की नजरों से बचने के लिए कार्यक्रम में आए अतिथियों और जनप्रतिनिधियों को जहां शासकीय सीनियर उत्कृष्ट बालक छात्रावास में सम्मान के साथ भोजन कराया गया वहीं दूसरी ओर दूल्हा-दुल्हनों को कार्यक्रम स्थल पर खुद ही थाली परोसकर और नीचे बैठकर भोजन करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।
विवाह कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित
सामूहिक विवाह समारोह में बतौर अतिथि गंगा सज्जन सिंह उइके, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक रामजीलाल उइके, सारणी नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरडे, चिचोली नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा मालवीय, उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा आंवलेकर, शाहपुर जनपद अध्यक्ष शिवशंकर मवासे, घोड़ाडोंगरी जनपद अध्यक्ष राहुल उइके, घोड़ाडोंगरी मंडल अध्यक्ष राजेश महतो, चिरापाटला मंडल अध्यक्ष राजेंद्र यादव, चोपना मंडल अध्यक्ष विप्लव समद्दार, डॉ. सहदेव राय, इंदल यादव, राकेश अरोड़ा, केउलाल यादव उपस्थित रहे।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए
Betul Land Encroachment: सरकारी जमीन पर कब्जे का बड़ा खेल, जांच में सामने आए 27 अतिक्रमण