Betul Water Supply Update: बैतूल में आज नहीं होगी पानी की सप्लाई: पाइप लाइन और वॉल्व लीकेज सुधार के लिए नगर पालिका का बड़ा फैसला
Betul Water Supply Update: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। शुक्रवार को पूरे शहर में कहीं भी पानी की सप्लाई नहीं हो सकेगी। दो स्थानों पर लीकेज की बड़ी समस्या आने के कारण उनके सुधार के लिए नगर पालिका द्वारा यह निर्णय लिया गया है ताकि भविष्य में कोई बड़ी परेशानी न आ सके। नपा ने युद्ध स्तर पर दोनों ही स्थानों पर सुधार कार्य शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के जयप्रकाश वार्ड में स्थित पानी की मेन लाइन में लीकेज हो गया है। इससे बड़ी मात्रा में पानी फिजूल बह रहा था। दूसरी ओर कॉलेज चौक पर स्थित मेन वॉल्व में भी लीकेज हो गया है। यह मेन वॉल्व शहर की सभी पानी की टंकियों को भरने में मुख्य भूमिका का निर्वहन करता है।
यहां एक समस्या यह भी आती है कि यह सड़क की ओर होने के कारण इस वॉल्व में आए दिन लीकेज हो जाता है। इससे इसमें लगातार सुधार ही करना होता है। यही कारण है कि इसे अब दूसरी जगह ही शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। इसे दूसरी ओर और सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिए जाने से यह समस्या लंबे समय तक के लिए समाप्त हो जाएगी। यही कारण है कि नपा ने इन दोनों तकनीकी खराबियों को दूर करने शुक्रवार (1 मई) को पानी की सप्लाई नहीं करने का फैसला लिया है।
टंकी भरना संभव भी नहीं था
कॉलेज चौक वाले वॉल्व में लीकेज के कारण वैसे भी शहर की टंकियां भरना संभव ही नहीं था। सभी टंकियों तक पानी इसी वॉल्व के जरिए पहुंचता है। इसके मद्देनजर नगर पालिका ने तत्काल ही इस वॉल्व को बदलने और शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया है। इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
शुक्रवार को कहीं नहीं होगी सप्लाई
इस खराबी और सुधार कार्य के कारण आज शहर की कोई भी टंकी नहीं भर पाएगी। इसी के चलते कल शहर के किसी भी हिस्से में पानी की सप्लाई नहीं हो सकेगी। सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि गर्मी के मौसम में नागरिकों को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए तेजी से सुधार कार्य किया जा रहा है।
इन इलाकों में होगी ज्यादा परेशानी
इन दिनों भीषण गर्मी का दौर चालू हैं। ऐसे में पानी की खपत और जरुरत दोनों ही बढ़ जाते हैं। शहर में एक दिन के अंतराल से पानी की सप्लाई होती है। कल जिन क्षेत्रों में सप्लाई होना है, उन क्षेत्रों में कल भी पानी नहीं मिल पाएगा। जिससे उन क्षेत्रों के लोगों को ज्यादा परेशानी होगी।
पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एसडीएम

एसडीएम बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह ने गुरुवार को आयोजित बैठक में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पानी की स्थिति की समीक्षा करते हुए खराब हैंडपंप और नल-जल योजनाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या पर विशेष नजर रखें और शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर समाधान करें। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया जाएं कि आम लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखें, ताकि किसी भी स्थिति में पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। बैठक में जनपद बैतूल एवं चिचोली के सहायक यंत्री तथा उपयंत्री, पीएचई के अधिकारी उपस्थित थे।

Betul Air Force Candidate Death: एयरफोर्स ज्वाइनिंग से एक दिन पहले युवक की मौत, कुएं में मिला शव, सड़क पर उतरे ग्रामीण
Madhya Pradesh Bus Strike: 7 अगस्त तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो थम जाएंगे बसों के पहिए
Betul Land Encroachment: सरकारी जमीन पर कब्जे का बड़ा खेल, जांच में सामने आए 27 अतिक्रमण